जबलपुर: गढ़ा पुलिस ने घेराबंदी कर एक सफेद रंग की बोलेरो कार से भारी मात्रा में बियर जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि त्रिपुरी चौक की ओर से एक सफेद रंग की बोलेरो एमपी 13 जेड वी 0368 में अवैध शराब लोड कर देवताल की ओर ले जाई जा रही है। सूचना पर देवताल रामायण मंदिर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रुकवाया। जब पुलिस ने बोलेरो की तलाशी ली, तो पिछली सीट पर रखी 6 पेटियों में कुल 72 बोतल बियर बरामद हुई।
जब्त की गई बियर की अनुमानित कीमत लगभग 46, 800 रुपये बताई जा रही है। मौके पर मौजूद दो युवकों अमन सोनी (26) निवासी घमापुर और अर्जुन सोनी (33) निवासी गोरखपुर के को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कुबूल किया कि उन्होंने यह बियर त्रिपुरी शराब दुकान से प्राप्त की थी और वे इसे परिवहन कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर बोलेरो वाहन और बियर जब्त कर ली है। त्रिपुरी शराब दुकान के गद्दीदार एवं मैनेजर से उक्त वियर के संबंध पूछताछ कर पुलिस आगे की कार्यवाही करेगी
