
बैतूल। जिले में शनिवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां अचानक एक हिरण चलती कार के ऊपर कूदकर अंदर घुस गया। यह हादसा ग्राम बंजारी माई के पास उस समय हुआ, जब कार में सवार दो लोग बागडोना से बैतूल की ओर जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार चालक राजेश रंजन, जो पेशे से एलआईसी एजेंट हैं, अपने साथी दिनेश मन्नासे (उम्र 50 वर्ष) के साथ यात्रा कर रहे थे। दोनों ही बागडोना के निवासी बताए जा रहे हैं। दोपहर करीब 12 बजे के आसपास जैसे ही उनकी कार बंजारी माई के पास पहुंची, तभी अचानक एक हिरण तेज रफ्तार में उछलकर कार के सामने आ गया और सीधे विंडशील्ड (सामने का कांच) तोड़ते हुए कार के अंदर जा घुसा।
इस अप्रत्याशित घटना से कार में अफरा-तफरी मच गई। ड्राइवर साइड के पास बैठे दिनेश मन्नासे को हिरण के टकराने से गंभीर चोटें आई हैं, खासकर उनके चेहरे पर गहरी चोट बताई जा रही है। वहीं, कार चालक राजेश रंजन को इस हादसे में कोई चोट नहीं आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के तुरंत बाद घायल को जिला अस्पताल बैतूल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, घायल की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
इस घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे इस तरह के हादसे होने का खतरा बना रहता है। प्रशासन से इस दिशा में उचित कदम उठाने की मांग की जा रही है।
