
शिवपुरी। नगर पालिका में करोड़ों रुपए के फर्जी भुगतान का मामला सामने आया है। नगर पालिका के वार्डों में मुरम, जीरो डस्ट और कत्तल डालने के नाम पर लाखों रुपए का भुगतान कर दिया गया जबकि पार्षदों का कहना है कि जमीनी स्तर पर कोई कार्य हुआ ही नहीं। नगर पालिका के पार्षदों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को विस्तृत शिकायत सौंपते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायत में बताया गया कि ठेकेदार द्वारा वार्ड क्रमांक 1, 5, 7, 17, 28, 31, 36 और 39 में मुरम और जीरो डस्ट डालने का दावा कर लगभग 28 लाख रुपए का भुगतान ले लिया गया। इनमें से वार्ड 7 में 13.78 लाख रुपए, वार्ड 17 में 4.45 लाख रुपए, वार्ड 5 और 36 में 5 लाख रुपए, वार्ड 31 में 2.5 लाख रुपए और वार्ड 39 में 2.45 लाख रुपए का भुगतान दर्शाया गया है। पार्षदों का आरोप है कि इन क्षेत्रों में कोई कार्य नहीं हुआ, फिर भी बिना भौतिक सत्यापन के भुगतान जारी कर दिए गए। आपत्ति जताने के बाद कुछ स्थानों पर जल्दबाजी में काम शुरू किया गया, लेकिन सीएमओ ने खुद को इस मामले से अनभिज्ञ बताया। पार्षदों ने वार्ड क्रमांक 18 का उदाहरण देते हुए बताया कि यहां कार्य का आदेश ठेकेदार मुकेश वर्मा की फर्म मां पीतांबरा को दिया गया था, लेकिन काम अर्पित शर्मा द्वारा कराया गया। इस वार्ड में बिना कोर कटिंग कराए 36 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया। यह रोड नगर पालिका अध्यक्ष के निवास के सामने बनाई गई थी। वहीं, वार्ड 28 में गणेश मंदिर से मस्जिद तक अधूरे कार्य के बावजूद ठेकेदार अर्पित शर्मा को बड़ी राशि भुगतान किए जाने का आरोप है।
