
परासिया। गैस सिलेंडर की समस्या से जूझ रहे आम नागरिकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रशासन ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए नई पहल शुरू की है।
खाद्य आपूर्ति अधिकारी सुमित चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला कलेक्टर एवं अनुविभागीय राजस्व अधिकारी शुभम कुमार यादव के निर्देशानुसार गैस वितरण के लिए नई समय-सारणी तय की गई है। इसके तहत 1 से 20 मार्च तक गैस बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को 10 अप्रैल को, जबकि 21 से 25 मार्च तक बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को 11 अप्रैल को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि 1 से 25 मार्च के बीच बुकिंग कराने के बावजूद जिन उपभोक्ताओं को किसी कारणवश गैस सिलेंडर प्राप्त नहीं हुआ है, वे एसडीएम कार्यालय स्थित खाद्य विभाग में अपनी शिकायत मोबाइल नंबर 9575059486 में दर्ज करा सकते हैं।
प्रशासन ने परासिया शहर में गैस आपूर्ति में हो रही अव्यवस्था को स्वीकार करते हुए बताया कि वितरक एजेंसी की गड़बड़ी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। साथ ही, भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो, इसके लिए संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा भी की गई है।
विभागीय कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में जब इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के डिवीजनल अधिकारी अबीर मित्तल के मोबाइल नंबर 9425013762 से संपर्क कर स्थिति की जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
इससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि जिन अधिकारियों पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जिम्मेदारी है, वे ही अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर नहीं हैं। ऐसे में गैस एजेंसियों के वितरक मनमाने ढंग से संचालन कर रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
