नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कापसहेड़ा बॉर्डर के पास एक्सपायर हो चुके खाद्य और कॉस्मेटिक उत्पादों के भंडारण व बिक्री से जुड़े एक रैकेट का भंडाफोड़ कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, खुफिया सूचना मिलने के बाद सेंट्रल रेंज की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक स्थानीय दुकानदार पर छापा मारा, जो सस्ते दामों पर एक्सपायर हो चुके सामान बेच रहा था। पहले छद्म ग्राहकों को भेजकर सामान खरीदा गया, जिसकी जांच में पता चला कि इन उत्पादों की एक्सपायरी डेट बीत चुकी है।
छापेमारी के दौरान आरोपी अब्दुल मन्नान खान उर्फ मोनू (34), निवासी बिजवासन, को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए क्राइम ब्रांच के डीसीपी संजीव यादव ने बताया कि मौके से भारी मात्रा में एक्सपायर हो चुके और एक्सपायर होने के करीब के सामान बरामद हुए।
बरामद वस्तुओं में आटा, सूजी, पोहा, मसाले, पीनट बटर, शिशु आहार सप्लीमेंट, दालें, डेयरी उत्पाद और कई तरह के कॉस्मेटिक व पर्सनल केयर उत्पाद शामिल हैं। जांच के लिए फूड सेफ्टी एंड ड्रग कंट्रोल विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया, जिन्होंने सैंपल एकत्र किए।
छापे के दौरान मौजूद एक ग्राहक ने आरोप लगाया कि उसने एक दिन पहले इसी दुकान से सामान खरीदा था, जो बाद में एक्सपायर्ड निकला, जिससे उसे आर्थिक नुकसान हुआ।
कार्रवाई के दौरान करीब 900 किलोग्राम किराना सामान जब्त किया गया, जबकि सुरक्षा मानकों के तहत लगभग 2,000 किलोग्राम डेयरी उत्पाद (जैसे दही और पनीर) को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सस्ते दामों पर एक्सपायर हो चुका या क्षतिग्रस्त सामान खरीदकर उन्हें कम कीमत पर बेचता था, जिससे मुनाफा कमाने के साथ लोगों के स्वास्थ्य को खतरे में डालता था।
मामले में भारतीय न्याय संहिता और फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब सप्लाई चेन की जांच कर रही है और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।
