ट्रंप ने अपनी ईरान नीति की आलोचना करने वाले चार पत्रकारों पर तीखे हमले किये

वाशिंगटन, 10 अप्रैल (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी ईरान नीति की आलोचना करने वाले चार दिग्गज पत्रकारों पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘पागल’ और ‘मूर्ख’ करार दिया है। श्री ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर साझा किए गए एक पोस्ट में इन पत्रकारों को ‘मुसीबत पैदा करने वाला’ बताया और कहा कि वे सस्ती लोकप्रियता के लिए कुछ भी कह सकते हैं। उन्होंने मुख्य रूप से पत्रकार टकर कार्लसन, मेगिन केली, कैंडिस ओवेन्स और एलेक्स जोन्स पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग वर्षों से उनके खिलाफ लिख रहे हैं तथा उन्हें (पत्रकारों) लगता है कि ईरान के पास परमाणु हथियार होना बहुत अच्छी बात है।

ईरान को ‘आतंकवाद का नंबर एक प्रायोजक देश’ बताते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि इन तथाकथित जानकारों में एक बात समान है और वह है इनका ‘कम आईक्यू’। उन्होंने कहा, “ये मूर्ख लोग हैं, वे खुद यह जानते हैं, उनके परिवार वाले जानते हैं और बाकी दुनिया भी यह जानती है।” श्री ट्रंप ने जोर देकर कहा कि ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ (मागा) का मतलब जीत, मजबूती और ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है। उन्होंने दावा किया कि ‘मागा’ समर्थक उनके साथ हैं और उन्होंने टकर कार्लसन या मेगिन केली जैसे ‘मूर्खों’ के बजाय ट्रंप को शत-प्रतिशत ‘अप्रूवल रेटिंग’ दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने व्यक्तिगत हमला करते हुए मेगिन केली के पुराने सवालों, कैंडिस ओवेन्स द्वारा फ्रांस की प्रथम महिला पर की गई टिप्पणियों और एलेक्स जोन्स की बातों को मूर्खतापूर्ण बताया। उन्होंने केबल न्यूज नेटवर्क (सीएनएन) और न्यूयॉर्क टाइम्स जैसे मीडिया संस्थानों की भी आलोचना की और कहा कि ये संस्थान पहली बार इन लोगों को कवरेज दे रहे हैं क्योंकि वे ट्रंप के खिलाफ बोल रहे हैं।

गौरतलब है कि यह विवाद तब शुरू हुआ जब इन पत्रकारों ने ईरान पर सैन्य हमलों के ट्रंप प्रशासन के फैसले की सार्वजनिक आलोचना की। टकर कार्लसन ने ईरान ऑपरेशन को ‘घृणित’ बताया था, जबकि कैंडिस ओवेन्स ने राष्ट्रपति ट्रंप को हटाने तक की मांग कर दी थी। एलेक्स जोन्स, जो लंबे समय तक श्री ट्रंप के समर्थक रहे, उन्होंने भी इस संघर्ष को लेकर अपना रुख बदल लिया है। यह टकराव ‘मागा’ आंदोलन के भीतर एक बड़ी दरार को दर्शाता है। अमेरिका फर्स्ट की विदेश नीति, विशेष रूप से ईरान युद्ध और इजरायल के साथ संबंधों को लेकर उपजे मतभेदों ने राष्ट्रपति ट्रंप को अपने पुराने सहयोगियों से अलग कर दिया है।

Next Post

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की फटकार के बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने डिलीट किया विवादित ट्वीट, इजरायल को 'कैंसर' बताने पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुई भारी फजीहत

Fri Apr 10 , 2026
इस्लामाबाद | पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ द्वारा इजरायल के खिलाफ की गई बेहद तल्ख टिप्पणी ने अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में तूफान खड़ा कर दिया है। ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इजरायल को “कैंसर”, “दुष्ट” और “मानवता के लिए अभिशाप” जैसे शब्दों से संबोधित किया था। इस […]

You May Like