
जबलपुर। राज्य शासन के निर्देशानुसार भारत रत्न संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में 10 से 14 अप्रैल तक हितग्राही सम्मेलन आयोजित किये जायेंगे। हितग्राही सम्मेलनों के आयोजन की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत ने गुरूवार को वीसी के माध्यम से जिले में पदस्थ सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। सीईओ ने बैठक में अधिकारियों को राज्य शासन के निर्देशानुसार हितग्राही सम्मेलनों का आयोजन करने तथा इनमें जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं आमजनों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। हितग्राही सम्मेलनों में डॉ. अम्बेडकर के जीवन विचारों और देश एवं लोकतंत्र के लिए उनके योगदान तथा संविधान निर्माण में उनकी महती भूमिका पर प्रकाश डाला जायेगा, शासन की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को आमंत्रित किया जायेगा तथा योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जायेगा।
इन स्थानों पर होंगे आयोजन
वीसी में बताया गया कि संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में पनागर एवं जबलपुर विकासखंड मुख्यालयों पर 10 अप्रैल को, पाटन, मझौली, सिहोरा एवं शहपुरा विकासखंड मुख्यालयों पर 13 अप्रैल को तथा कुंडम विकासखंड मुख्यालय में 14 अप्रैल को हितग्राही सम्मेलन आयोजित किये जायेंगे। जिला स्तरीय यह हितग्राही सम्मेलन डॉ. अम्बेडकर की जयंती पर 14 अप्रैल को जिला मुख्यालय जबलपुर में भंवरताल उद्यन के समीप स्थित संस्कृति थियेटर में आयोजित किया जायेगा।
