सनातन संस्कृति विश्व कल्याण एवं उत्थान का सशक्त माध्यम- भजनलाल

पुष्कर , 08 अप्रैल (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सनातन संस्कृति को समूचे विश्व को सुरक्षित एवं संरक्षित रखने का सशक्त माध्यम बताते हुए बुधवार को कहा कि इसका ज्ञान भावी पीढ़ी के उत्थान के लिए सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है तथा उन्हें हमारी मौलिक संस्कृति से जोड़ने की महती आवश्यकता है।

श्री शर्मा आज यहां पुष्कर में आयोजित शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ कार्यक्रम में शामिल होकर यह बात कही। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सपत्नीक यज्ञ प्रदक्षिणा की तथा यज्ञ स्थल पर स्थित गायत्री मंदिर में षोडषोपचार विधि से पूजा अर्चना की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस महायज्ञ के माध्यम से सनातन संस्कृति का ज्ञान पूरे विश्व में संचारित होकर मानव कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ जैसे कार्यक्रम भारतवर्ष में सतत तौर पर आयोजित होते रहने चाहिए। उन्होंने महायज्ञ के सफल आयोजन के लिए सभी संत एवं आचार्यों का आभार जताया। इस दौरान मुख्यमंत्री का महायज्ञ आयोजन समिति पदाधिकारीगण की ओर से सनातन एवं संत परंपरा से स्वागत किया गया।

इस दौरान श्री शर्मा ने संत आवास में महायज्ञ के प्रणेता एवं आयोजक प्रखर महाराज एवं संत राघवाचार्य का अभिनंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात उन्होंने जप एवं पाठशाला स्थल के भी दर्शन किए।

कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, विधायक शत्रुघ्न गौतम, शंकर सिंह रावत, रामस्वरूप लांबा, वीरेन्द्र सिंह कानावत तथा अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। मुख्यमंत्री महायज्ञ स्थल से सीधे पुष्कर सरोवर पहुंचे जहां उन्होंने पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली एवं समृद्धि के लिए कामना की।

 

 

Next Post

दमोह से हटा रेल लाइन सर्वे के लिए मिली स्वीकृति, सांसद बोले उद्योग नगरी से होगी हटा की पहचान 

Wed Apr 8 , 2026
दमोह. दमोह से हटा, कुंडलपुर, खजुराहो तक जोड़ने के लिए अब रेलवे लाइन की सुविधा भी लोगों को मिलने वाली है.इसके सर्वे की स्वीकृति मिल चुकी है.बुधवार दोपहर दमोह सांसद राहुल सिंह के द्वारा अपने आवास पर एक पत्रकारवार्ता कर इस रेल लाइन स्वीकृति के बारे में जानकारी दी. इस […]

You May Like