जबलपुर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित नवाचार केंद्रित कृषि मंथन कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम के गायन के साथ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक और स्टार्टअप्स के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि संभव है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने परिसर में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न कृषि नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने 16.37 करोड़ की लागत से निर्मित विश्वविद्यालय के विभिन्न भवनों का लोकार्पण भी किया।
कृषि उद्यमिता को प्रोत्साहन देते हुए डॉ. यादव ने 10 कृषि स्टार्टअप्स को कुल ₹108 लाख की स्वीकृति राशि के आदेश वितरित किए। साथ ही, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि सखियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।इस मौके पर “जवाहर डिजिटल चारा स्कैनर का भी अनावरण किया गया, जो पशुपालन क्षेत्र में तकनीकी सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, वैज्ञानिक और छात्र उपस्थित रहे।
