
भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा आरक्षक बैंड भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 5 अप्रैल से प्रारंभ हो गई है, जो 19 अप्रैल तक जारी रहेगी। भर्ती के प्रचार-प्रसार एवं युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से सातवीं वाहिनी पुलिस बैंड द्वारा भोपाल में सांगीतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
इन प्रस्तुतियों में देशभक्ति एवं लोकप्रिय गीतों का प्रदर्शन किया जाएगा, जो 8 से 19 अप्रैल तक प्रतिदिन सायं 5:30 बजे से 6:30 बजे के बीच बोट क्लब, नेहरू नगर, रॉयल मार्केट, शाहपुरा झील, कमला नगर, टीटी नगर बस स्टॉप, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, डीबी मॉल परिसर तथा कमला पार्क में आयोजित होंगी।
बैंड प्रभारी कमला रावत ने बताया कि यह कार्यक्रम सभी नागरिकों के लिए खुला है और इसका उद्देश्य युवाओं को प्रेरित करना है।
इस भर्ती के अंतर्गत आरक्षक (बैंड) के कुल 679 पदों पर सीधी नियुक्ति की जाएगी, जो मुख्यतः पुरुष अभ्यर्थियों के लिए है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों के भीतर एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
पुलिस विभाग ने युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए पुलिस बैंड का हिस्सा बनें और देश सेवा में योगदान दें।
