ईरान के साथ सोमवार तक हो सकता है समझौता : ट्रंप

वाशिंगटन, 05 अप्रैल (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि ईरान के साथ संभवतः सोमवार तक समझौता होने की प्रबल संभावना है, लेकिन अगर ईरान ने तेजी नहीं दिखाई तो हमलों को काफी बढ़ाया जा सकता है।

श्री ट्रंप ने फॉक्स न्यूज़ से बातचीत में कहा कि अगर ईरान समझौते की दिशा में तेजी नहीं दिखाता है तो वह “सब कुछ उड़ा देने” और “तेल पर नियंत्रण करने” जैसे विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।

श्री ट्रंप ने कहा कि उन्होंने वार्ता जारी रखने के लिए ईरानी वार्ताकारों को “राहत” दी है, हालांकि ईरान की ओर से इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी।

श्री ट्रंप इससे पहले कह चुके हैं कि अमेरिका का संपर्क ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर गालिबफ से रहा है। उनके इस दावे पर कि समझौता निकट है, ईरान की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गयी।

इसी दिन श्री ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर चेतावनी देते हुए कहा कि मंगलवार “ईरान में बिजलीघर और पुलों को निशाना बनाने का दिन” हो सकता है और कहा, “ऐसा पहले कभी नहीं देखा गया होगा।” उन्होंने ईरान से होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने को भी कहा, अन्यथा “गंभीर परिणाम” भुगतने की चेतावनी दी।

क्षेत्र में तनाव 28 फरवरी से बढ़ा हुआ है, जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर संयुक्त हमले शुरू किए थे। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल, जॉर्डन, इराक और खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए ड्रोन और मिसाइल हमले किये हैं।

वैश्विक तेल आपूर्ति का एक प्रमुख मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य है। यहां से युद्ध से पहले प्रतिदिन लगभग दो करोड़ बैरल तेल गुजरता था।

 

 

Next Post

लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को पांच विकेट से हराया

Sun Apr 5 , 2026
हैदराबाद , 05 अप्रैल (वार्ता) गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद कप्तान ऋषभ पंत (नाबाद 68 ) और एडन मारक्रम (45) की शानदार बल्लेबाजी के बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 10वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को एक गेंद शेष रहते पांच विकेट […]

You May Like