खजुराहो-पन्ना मार्ग पर यात्री बस पलटी, 20 यात्री घायल

छतरपुर: खजुराहो रेलवे स्टेशन से पन्ना जा रही एक यात्री बस रविवार सुबह बड़ा हादसे का शिकार हो गई। बमीठा थाना क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।रविवार सुबह करीब 11 बजे खजुराहो से पन्ना की ओर जा रही यात्री बस बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत चंद्रनगर नहर के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस क्रमांक MP 35 P 0239 के पलटते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के समय बस में करीब 30 से अधिक यात्री सवार थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए बमीठा और चंद्रनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों के अनुसार, दुर्घटना के समय सामने से कोई अन्य वाहन नहीं आ रहा था। आरोप है कि बस चालक ने अचानक स्टीयरिंग मोड़ दी, जिससे बस असंतुलित होकर पलट गई। यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।यात्रियों के मुताबिक हादसे में करीब 20 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों में एक गर्भवती महिला और एक मासूम बच्चा शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस का बयान:
बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचा दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और यदि जांच में चालक की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Next Post

कोहरे में भी नहीं रुकी उड़ानें: राजा भोज एयरपोर्ट ने तकनीकी मजबूती से रचा भरोसे का रिकॉर्ड

Sun Jan 4 , 2026
भोपाल: घने कोहरे और प्रतिकूल मौसम के बीच राजा भोज एयरपोर्ट ने अपनी तकनीकी दक्षता और संचालन क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया। दृश्यता करीब 500 मीटर तक सिमटने के बावजूद एयरपोर्ट पर हवाई यातायात सुचारु बना रहा और किसी भी उड़ान को रद्द या डायवर्ट करने की नौबत नहीं आई।कम […]

You May Like