जबलपुर: शहर के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बड़ी खेरमाई मंदिर में भीड़ का फायदा उठाकर एक शातिर महिला चोर ने दर्शन करने आई एक वृद्ध महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र पार कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बेलबाग के फूटाताल चौराहा निवासी 65 वर्षीय श्रीमती निर्मला चौरसिया अपनी बहू शिवानी के साथ बड़ी खेरमाई मंदिर दर्शन करने पहुंची थीं। जब वे मंदिर के बाहरी प्रांगण में पूजा के लिए खड़ी थीं, तब वहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी।
निर्मला चौरसिया अपने गले में करीब 8 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र पहने हुए थीं। भीड़ के बीच उनके पीछे खड़ी किसी अज्ञात महिला ने बड़ी चालाकी से उनके गले से मंगलसूत्र निकालकर चोरी कर लिया। भीड़ अधिक होने के कारण पीड़िता को तत्काल वारदात का अहसास नहीं हो सका। काफी खोजबीन के बाद जब मंगलसूत्र नहीं मिला, तब उन्होंने थाने की शरण ली। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्ध महिला की पहचान की जा सके।
