ब्यावरा: स्थानीय कृषि उपज मंडी में 9 दिन के लम्बे अवकाश के बाद आज शनिवार को मंडी में नीलामी कार्य शुरु होगा. एक दिन पूर्व शुक्रवार को ही मंडी परिसर फसल से भरी ट्रेक्टर ट्रॉलियों से पट गया.गौरतलब है कि 26 मार्च से 3 अप्रैल तक कृषि मंडी में अवकाश रहा. 9 दिन के अवकाश के बाद आज शनिवार को मंडी में नीलामी चालू होगी. इतने दिनों के अवकाश के बाद शुक्रवार को ही मंडी में काफी संख्या में फसल से भरे वाहन आ गये.
समर्थन मूल्य खरीदी पूर्व गेहूं की भारी आवक
शासन द्वारा गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी 10 अप्रैल से शुरु की जाएगी. किंतु इसके पूर्व ही मंडी में काफी मात्रा में गेहूं फसल विक्रय हेतु आने लगी है. शुक्रवार को स्थानीय मंडी में गेहूं की भारी आवक रही.
खरीदी तारीख बढऩे से संशय
शासन द्वारा पूर्व में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी 1 अप्रैैल से शुरु करना था. जिसे बढ़ाकर अब 10 अप्रैल कर दिया गया. अब फिर कहीं तिथि को न बढ़ा दे इसको लेकर संशय बना है. इसको लेकर भी समर्थन मूल्य खरीदी के पूर्व ही बड़ी मात्रा में विक्रय हेतु गेहूं फसल मंडी में लाई जा रही है.
मंडी के 9 शेड हुए फुल
आज से मंडी में नीलामी शुरु होगी इसके एक दिन पूर्व शुक्रवार की दोपहर तक स्थानीय कृषि मंडी में काफी संख्या में फसल से भरे वाहन आ पहुंचे. मंडी परिसर में मौजूद 9 शेड वाहनों से पूरी तरह भर गये. देर शाम तक वाहनों का आना जारी था.
कब तक करें इंतजार, पैसों की आवश्यकता अभी
इन दिनों शादी ब्याह का सीजन है, ऐसे में कहीं अधिक खर्च के चलते पैसों की सख्त आवश्यकता है. इसके चलते फसल का विक्रय किया जा रहा है. परन्तु समर्थन मूल्य पर खरीदी 10 अप्रैल से होना है, मजबूरन लोगों को समर्थन मूल्य के पूर्व ही मंडी में अपनी उपज विक्रय करना पड़ रही है
