
रतलाम। शहर में दिन भर की तेज गर्मी और उमस के बाद गुरुवार रात मौसम ने अचानक करवट ली। रात करीब 8:45 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ, जो समाचार लिखे जाने तक लगातार जारी रहा।
दिन के समय तापमान 39 डिग्री के पार पहुंच गया था, जिससे दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा था। तेज धूप और गर्म हवाओं ने आमजन का हाल बेहाल कर दिया था। शाम होते-होते मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे थे और आसमान में बादल छाने लगे थे। रात होते ही तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई।
ठंडी हवाओं ने वातावरण को खुशनुमा बना दिया। अचानक बदले मौसम के कारण लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की धूलभरी हवा भी चली, जिससे शुरुआत में परेशानी हुई।
मौसम विभाग ने पहले ही आगामी दिनों में बारिश की संभावना जताई थी, जो अब सही साबित होती नजर आ रही है। यदि इसी तरह मौसम में बदलाव बना रहा तो आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट और गर्मी से और राहत मिलने की उम्मीद है।
