इंदौर: शहर में एक ऑटो चालक ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए करीब 4 लाख रुपए के गहनों से भरा बैग उसके मालिक तक सुरक्षित पहुंचाया. इस पर महिला और उसके परिजनों ने चालक का आभार जताया.थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि बीना निवासी 24 वर्षीय वैष्णवी पटेरिया अपनी मां प्रिया पटेरिया के साथ शादी की खरीदारी के लिए इंदौर आई थीं. इसी दौरान वह अपने मौसा मुकेश तिवारी से मिलने एमवाय अस्पताल जा रही थीं. पुलक सिटी सिलिकॉन क्षेत्र से उन्होंने ऑटो नम्बर एमपी 09 आरए 5927 लिया और एमवाय अस्पताल पहुंचीं.
अस्पताल पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि उनका बैग ऑटो में ही छूट गया है. बैग में सोने की चैन, झुमके, दो अंगूठियां सहित अन्य सामान था, जिसकी कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई जा रही है. घबराई महिला ने तुरंत ऑटो चालक से संपर्क किया. ऑटो चालक सनी चौहान निवासी इंद्रेश नगर ने ईमानदारी दिखाते हुए बैग लेकर सीधे तुकोगंज थाने पहुंच गया. वहां महिला और उसकी मां ने बैग की जांच की, जिसमें पूरा सामान सुरक्षित मिला. इसके बाद पुलिस ने बैग फरियादी को सौंप दिया. घटना के बाद वैष्णवी पटेरिया और उनके परिजनों ने ऑटो चालक की सराहना करते हुए उसका धन्यवाद किया.
