पुराना सीएम राइज भवन उत्कृष्ट विद्यालय को मिला, शहर के कई प्राथमिक और माध्यमिक भवन हुए खाली

शाजापुर। सीएम राइज याने सांदीपनी विद्यालय अब अपने नए भवन में स्थानांतरित हो गया है. सीएम राइज का भवन पूर्व क्रमांक 2 स्कूल का पूरा परिसर उत्कृष्ट विद्यालय को देने की घोषणा कर दी गई है. अब उत्कृष्ट विद्यालय के पास बड़ा परिसर हो गया है. याने कि हायर सेकंडरी स्कूल अब उत्कृष्ट विद्यालय के नाम से जाना जाएगा. वहीं दूसरी ओर प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों को सांदीपनी विद्यालय में मर्ज करने के कारण शहर के कई प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल भवन खाली हो गए हैं, जो आंगनवाड़ी या अन्य सरकारी कार्यालयों के लिए आवंटित हो सकते हैं.

गौरतलब है कि सांदीपनी विद्यालय के नए भवन में स्कूल अब संचालित होगा. इस भवन में शहर के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राएं भी पढ़ाई करेंगे. स्कूल चलें हम के प्रवेशोत्सव के दौरान उत्कृष्ट विद्यालय को भी सीएम राइज का पुराना भवन मिल गया है. अब उत्कृष्ट विद्यालय का परिसर एक होगा.

संभवत: जो दो शिफ्टों में उत्कृष्ट विद्यालय संचालित होता है, वो अब एक शिफ्ट में संचालित हो सकता है. उत्कृष्ट विद्यालय की लंबे समय से मांग थी कि जब भी सीएम राइज स्कूल नए भवन में स्थानांतरित हो, तो ये भवन उन्हें दिया जाए. जिसको विधायक अरुण भीमावद ने सार्थक करते हुए उत्कृष्ट विद्यालय को सीएम राइज का पुराना भवन आवंटित करा दिया.

आंगनवाड़ी को मिल सकते हैं खाली स्कूल भवन

प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय जो सीएम राइज में मर्ज हुए हैं अब ये भवन आंगनवाड़ी या अन्य किसी सरकारी कार्यालय को आवंटित किए जा सकते हैं. कई सरकारी कार्यालय ऐसे हैं, जो आज भी किराये के भवनों में संचालित हो रहे हैं, तो हो सकता है कि कई सरकारी कार्यालय भी इन स्कूलों में लगना शुरू हो जाएं.

 

घंटी बजाकर उत्कृष्ट विद्यालय में किया प्रवेश उत्सव का प्रारंभ….

 

शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय शाजापुर में नवीन शैक्षणिक सत्र के अंतर्गत प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में शाजापुर विधायक अरुण भीमावद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे. विशिष्ट अतिथि के रूप में संतोष जोशी, मनोहर विश्वकर्मा, आशीष नागर, शीतल भावसार, मुकेश दुबे, दिलीप त्रिवेदी उपस्थित हुए. अध्यक्षता संस्था प्राचार्य हेमेंद्र यादव ने की. संचालन श्रीमती रेखा पुरोहित ने किया. मुख्य अतिथि अरुण भीमावद ने संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विद्यालय में उपलब्ध भौतिक एवं मानवीय संसाधनों का पूर्ण उपयोग करते हुए सफलता के नए आयाम स्थापित करने चाहिए. कार्यक्रम के दौरान विधायक ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं पर पुष्प वर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत करते हुए स्कूल चले हम अभियान के अंतर्गत घंटी बजाकर प्रवेश उत्सव का शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने नवीन प्रवेशित विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया तथा दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को नि:शुल्क साइकिल भी प्रदान की. इसके साथ ही विद्यालय में नवस्थापित इलेक्ट्रॉनिक प्रयोगशाला का शुभारंभ भी मुख्य अतिथि द्वारा किया गया, जो विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी. कार्यक्रम के अंत में माता सरस्वती का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया तथा सभी विद्यार्थियों को मिठाई वितरित कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई. इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.

 

पानी की समस्या है नए सीएम राइज स्कूल में

 

सीएम राइज स्कूल भवन बनकर तैयार हो गया और कक्षाएं भी शुरू हो गई, लेकिन पानी की समस्या अभी भी यथावत है. अप्रैल के महीने में तो पानी बाहर से मंगाना पड़ेगा, लेकिन जून से सत्र शुरू होगा, तो उसके पहले पानी का स्रोत स्थायी रूप से करना होगा. क्योंकि बच्चों की संख्या भी बढ़ गई है और ऐसे में पानी न होने से छात्र-छात्राओं और स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

 

इनका कहना है

उत्कृष्ट विद्यालय की मांग थी कि सीएम राइज स्कूल स्थानांतरित होने के बाद पुराना भवन उन्हें आवंटित किया जाए. आज उत्कृष्ट विद्यालय की मांग पूरी करते हुए पुराना सीएम राइज भवन उन्हें आवंटित कर दिया गया है.

– अरुण भीमावद, विधायक-शाजापुर

सीएम राइज स्कूल में पानी को लेकर प्रस्ताव भेजा है. जिसका निराकरण जल्द ही किया जाएगा. साथ ही प्राथमिक और माध्यमिक जो स्कूल भवन खाली हुए हैं, उन्हें आवंटित करने का अधिकार कलेक्टर को है.

– राजेंद्र शिप्रे, जिला शिक्षा अधिकारी-शाजापुर

Next Post

कुएं से मिली 73 वर्षीय महिला की लाश

Wed Apr 1 , 2026
उज्जैन। घट्टिया थाना पुलिस ने बताया कि ग्राम कदवाली में रहने वाले दरबार के महिला की लाश पड़ी होने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। जिसे बाहर निकल गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद सामने आया कि मृतक […]

You May Like

मनोरंजन