इंदौर:जूनी इंदौर थाना क्षेत्र स्थित राजमहल कॉलोनी में शनिवार सुबह सनसनीखेज वारदात से सनसनी फैल गई. यहां एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे मजदूर रितिक पिता मनीराम फुलगर, मूल निवासी मांडव, जिला धार की हाथ-पैर बंधी लाश मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.
प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा है. बताया जा रहा है कि मृतक रितिक पिछले 20-22 दिनों से उसी मकान में रहकर मजदूरी कर रहा था. जानकारी के अनुसार, यह वही निर्माणाधीन बिल्डिंग है, जो चर्चित बिल्डर राजेश चांदवानी की बताई जा रही है. फिलहाल, पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हत्या की वजह और संदिग्धों का सुराग तलाश रही है.
