
जबलपुर। सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। बुधवार को सुबह से सूर्यदेव खिले रहे । दिन चढऩे के साथ ही सूरज के तेवर उग्र हो गए । दिनभर चिलचिलाती धूप के साथ गर्मी ने असर दिखाया। सडक़ों पर निकले लोग गर्मी से बचने गमच्छा, टोपी, चश्मा लगाये नजर आये। वहीं मौसम विभाग ने आधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। 5 अप्रैल तक जिले में आंधी, बिजली एवं तेज हवायें के साथ हल्की वर्षा की संभावना जाहिर की गई है।
मौसम विभाग की माने तो एक ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण, दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान और उससे संलग्न कच्छ क्षेत्र पर 1.5 किमी ऊँचाई पर स्थित है। एक अन्य ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण, उत्तर-पूर्व राजस्थान और उसके आसपास स्थित 1.5 किमी ऊँचाई तक विस्तृत है। पूर्वी बिहार और उसके आसपास 0.9 किमी ऊँचाई पर स्थित ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। एक टूफ, पूर्वी बिहार से लेकर उत्तर मध्य महाराष्ट्र तक झारखंड, उत्तर छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के ऊपर से गुजरते हुए 0.9 किमी ऊँचाई पर फैली हुई है। उत्तर-पूर्व भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी ऊँचाई पर लगभग 185 किमी घंटा की गति से उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाए बह रही है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 7 अप्रैल से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।
ऐसा रहा तापमान
बुधवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री पर पहुंंंच गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा । सुबह के वक्त आद्रता 49 और शाम को 33 प्रतिशत दर्ज की गई । दक्षिण-पश्चिम हवाएं 4 से 5 किमी की रफ्तार से चली।
