
छतरपुर। जिले की चंदला तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत गनपतखोड़ा के ग्राम टिकरी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक किसान की मेहनत कुछ ही मिनटों में आग में जलकर राख हो गई। घटना दोपहर के समय की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार टिकरी निवासी किसान नारायण राजपूत अपनी कटी हुई फसल को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर थ्रेसिंग के लिए खरियाना ले जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन साहू की चक्की के पास पहुंचा, ऊपर से गुजर रहे झूलते बिजली के तारों से फसल टकरा गई।
टकराते ही सूखी फसल में चिंगारी भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि किसान और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही पूरी ट्रॉली आग की चपेट में आ गई।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक पूरी फसल जलकर खाक हो चुकी थी। इस हादसे में किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने और क्षेत्र में झूलते बिजली तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो सके।
