
बेगमगंज। ग्राम उमरखोह की शासकीय माध्यमिक शाला में पदस्थ लोकप्रिय शिक्षिका श्रीमती मीना मिश्रा आज सेवानिवृत्त हो गईं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साक्षरता समन्वयक के रूप में की, इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और फिर प्राथमिक शिक्षिका बनते हुए तीन दशकों तक शिक्षा विभाग में कर्तव्यनिष्ठा से सेवाएं दीं। अपने समर्पण और मेहनत से उन्होंने माध्यमिक शिक्षक का पद प्राप्त किया।
श्रीमती मिश्रा ने शिक्षा के साथ समाजसेवा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और गरीब कन्याओं की शैक्षणिक, आर्थिक एवं सामाजिक सहायता की।
संकुल प्राचार्य नंदलाल बरकरे ने उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना की। विदाई समारोह में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने शाल-श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय को होम थिएटर, विद्यार्थियों को लंच बॉक्स और शिक्षकों को थर्मस भेंट किए।
