
सिलवानी। जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कीरतपुर में तालाब निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिन स्थानों पर अभिलेखों में तालाब निर्माण दर्शाया गया है, वहां वर्तमान में खेतों में फसल खड़ी है या खेती जारी है। इस संबंध में ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम में प्रवीण कुमार, जयप्रकाश, दामोदर प्रसाद और प्रभु के नाम पर तालाब निर्माण दर्ज बताया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित स्थलों पर तालाब का स्पष्ट रूप से कोई चिन्ह दिखाई नहीं देता और भूमि कृषि कार्य में उपयोग हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार मौके पर निरीक्षण करने पर कहीं फसल लहलहाती दिखी तो कहीं खेत खाली मिले, जिससे निर्माण कार्य की स्थिति को लेकर संदेह उत्पन्न हो रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने कहा कि शिकायत प्राप्त होने पर जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना है
मीडिया के माध्यम से मामला संज्ञान में आया है। तालाबों की जांच कराई जायेगी और दोषियों पर कार्रवाई की जायेगी।
नीलम रायकवार, सीईओ
