इंदौर: नगर निगम की लापरवाही फिर सामने आई है. वार्ड 54 अंतर्गत आने वाले इंदिरा एकता नगर में सीवरेज लाइन के लिए सडक़ खोदी गई, लेकिन काम के बाद दोबारा नहीं बनाई गई. अधूरी और जर्जर सडक़ से लोगों को रोज धूल और गड्ढों के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है, जिससे रहवासियों में आक्रोश बढ़ रहा है.नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही का यह मामला पूर्वी रिंग रोड स्थित मूसाखेड़ी क्षेत्र में सामने आया है. यूं तो इस क्षेत्र में 3 वार्ड आते हैं. इनमें से वार्ड क्रमांक 54 के इंदिरा एकता नगर में निगम की गंभीर लापरवाही सामने आई है. रहवासियों के अनुसार पांच माह पूर्व क्षेत्र की सडक़ को उखाडक़र सीवरेज लाइन डालने का कार्य किया गया.
उस दौरान जिम्मेदारों द्वारा बताया गया था कि एक महीने में सीवरेज कार्य पूर्ण होने पर दोबारा सडक़ का निर्माण किया जाएगा. सीवरेज कार्य पूरा होने के पश्चात गढ़ों में गिट्टी पत्थर डालकर अधूरा कार्य छोड़ दिया गया और अब तक सडक़ को दोबारा नहीं बनाया गया. इस अधूरे कार्य के कारण क्षेत्रवासी कई तरह की दुश्वारियां झेलने को मजबूर हैं. सडक़ पर बड़े-छोटे गड्ढे और बिखरी पड़ी गिट्टी से दुर्घटनाएं हो रही हैं. आत-जाते वाहनों के कारण गिट्टी उडक़र लोगों को चोटे पहुंचा रही है. एक दिन छोडक़र जब नर्मदा नल का पानी क्षेत्र में पहुंचता है, तब पूरी सडक़ कीचड़ और पानी से लबालब भर जाती है, जिससे लोगों की और भी परेशानियां बढ़ जाती हंै. इस अधूरे कार्य के कारण जो दुश्वारियां हो रही हैं, उससे लोगों में काफी आक्रोश है. रहवासी नगर निगम से अधूरे कार्य को पूरा करने की मांग कर रहे हैं.
यह बोले रहवासी
गड्ढे और गिट्टी के कारण थोड़ा पानी गिरते ही कीचड़ हो जाता है. यहां सीवरेज का काम 5 माह पूर्व शुरू किया था और कहा था एक महीने कंप्लीट हो जाएगा फिर रोड बना देंगे, लेकिन अब तक नहीं बनाया.
– संतोष सोलंकी
जर्जर सडक़ से हो रही समस्याओं से क्षेत्रवासी परेशान हैं. इसको लेकर पार्षद से बात भी की, उन्होंने हमें आश्वासन दिया है कि आठ-दस दिन में सडक़ का कार्य शुरू किया जाएगा, अब देखते हैं, कब शुरू होता है.
– गिरवर सिंह रावत
जर्जर सडक़ पर बच्चे और वाहन चालक गिरते रहते हैं. गाडिय़ों से पत्थर उचटकर लोगों को चोट पहुंचाते हैं. सीवरेज लाइन के लिए धन्यवाद, पर अब निगम अधिकारियों से निवेदन है कि जल्दी से सडक़ निर्माण कर देें.
– दुर्गेश रावत
सडक़ निर्माण जल्दी करा दिया जाएगा
अगले महीने 10 तारीख तक टेंडर खुलने की संभावना है, जिसमें बजट भी तय किया जाएगा, उसके बाद ठेकेदार को वर्क आर्डर दिया जाएगा. जल्दी क्षेत्र की सडक़ निर्माण कार्य शुरू कर देंगे.
– महेश बसवाल, पार्षद
