सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशानुसार कृषि विभाग द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को नरवाई प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा रहा है. इसके लिए कृषि विभाग द्वारा जागरूकता रथ संचालित किया जा रहा है, जिसमें लगे लाउडस्पीकर के माध्यम से किसानों को नरवाई जलाने से होने वाले नुकसानों और नरवाई प्रबंधन के वैकल्पिक उपायों के बारे में जानकारी दी जा रही है.
प्रचार रथ द्वारा लाउडस्पीकर व पोस्टर के माध्यम से जिले के किसानों को समझाइश दी जा रही है कि वे फसल के अवशेष (नरवाई) को जलाने के बजाय वैज्ञानिक तरीकों से उसका प्रबंधन करें, जिससे भूमि की उर्वरता बनी रहे, पर्यावरण प्रदूषण से बचाव हो और कृषि उत्पादन भी अधिक हो. कलेक्टर के निर्देश पर कृषि विभाग द्वारा किसानों से अपील की जा रही है कि वे नरवाई न जलाएं और बताए गए वैकल्पिक उपायों को अपनाकर प्रकृति व पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें.
