बाराबंकी में आग लगने से 13 एंबुलेंस स्वाहा

बाराबंकी 29 मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के जैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में रविवार दोपहर बड़ी संख्या में खड़ी एंबुलेंस में अचानक आग लग गई, जो हवा के चलते फैलती चली गई। बचाव कार्य शुरु होने तक 13 एंबुलेंस जलकर राख हो गईं थीं। पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना जैदपुर अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आग लगने की यह घटना रविवार दोपहर बाद हुई। कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के परिसर में करीब 43 एंबुलेंस खड़ी थीं। बताया जाता है कि यह सभी नीलामी की प्रक्रिया में थीं, हालांकि अभी नीलाम शुरु नहीं हुई थी। किनारे खड़ी एक एंबुलेंस से अचानक धुआं उठने लगा और देखते देखते आग की तेज लपटें निकलने लगीं। कोई जान पाता, तब तक इन लपटों ने एक के बाद एक एंबुलेंस को चपेट में लेना शुरु कर दिया। आग की ऊंची लपटों को देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी, गई वहीं दमकल विभाग को भी बुलाया गया। टीम के पहुंचने तक आग काफी विकराल हो गई थी। करीब आधे घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तब करीब 13 एंबुलेंस जलकर राख हो गईं।

निकट ही इस्तेमाल की जा रही एंबुलेंस आनन फानन में अलग की गईं। आग पर काबू पाने के बाद स्टाफ व पुलिस ने राहत की सांस ली। चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर जगदीश प्रसाद ने बताया कि जल चुकीं एंबुलेंस कुल 43 में शामिल हैं, जो बेकार हो चुकी थीं, जिनकी नीलामी प्रक्रिया जारी थी। डिप्टी सीएमओ डॉ. डीके श्रीवास्तव ने बताया कि घटना में 13 एंबुलेंस जलकर राख हुई हैं।

 

 

Next Post

मुम्बई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से हराया

Sun Mar 29 , 2026
Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like