नयी दिल्ली, 29 मार्च (वार्ता) कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 में से 284 सीटों के लिए रविवार को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी जिसमें पूर्व सांसद अधीर रंजन चौधरी को बहरामपुर तथा मौसम नूर को मालतीपुर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है।
पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने इन उम्मीदवारों के नाम का चयन किया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी 17वीं लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता भी रहे हैं। पूर्व सांसद मौसम नूर को मालतीपुर से टिकट दिया गया है।
कांग्रेस ने भवानीपुर से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव की सीट से प्रदीप प्रसाद को प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर भाजपा की सुवेंदु अधिकारी भी चुनाव लड़ रहे हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए इस बार दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होना है और 4 मई को परिणाम घोषित किए जाएंगे। पिछले कुछ सालों से राज्य में छह, सात या आठ चरणों में मतदान होते रहे हैं।
पश्चिम बंगाल चुनाव में मुख्य मुक़ाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस लगातार चौथे कार्यकाल के लिए चुनाव मैदान में है।
पिछले विधानसभा चुनाव में तृणमूल ने 213 सीटें जीतीं और सुश्री ममता बनर्जी लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बनीं। भाजपा 77 सीटें जीतकर मुख्य विपक्षी पार्टी बनी। कांग्रेस तथा उसके गठबंधन को इस चुनाव में एक सीट नहीं मिली थी।
