
उज्जैन। महिला के लापता होने पर पुत्र ने उनकी दर्ज कराई थी, 2 दिन बाद लाश मिलने पर पुलिस में जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया था। मीडिया सेल प्रभारी कुलदीप सिंह भदौरिया ने बताया कि 20 सितंबर 2023 को मुन्नालाल द्वारा पुलिस थाना नागदा में सूचना दी कि वह ग्राम पाल्याकला में रहता है और शासकीय उचित मूल्य की दुकान पर सेल्समैन का काम करता है। 19 सितंबर 2023 को मां वरदीबाई घर से सब्जी लेने का बोलकर गयी थी, जो एक घंटे तक घर पर नहीं आई तो उसने अपनी मम्मी के मोबाइल नंबर पर फोन लगाया तो फोन बंद आ रहा था। फिर उसने रिश्तेदारों में फोन लगाकर वरदीबाई की तलाश की तो उनका कोई पता नहीं चला। उसकी मां वरदीबाई बिना बताये चली गयी है। पुलिस ने गुमशुदा व्यक्ति का पंजीकरण किया गया। 21 सितंबर 2023 को आरक्षक धीरज यादव को जूना नागदा ईंट भट्टों के पास एक अज्ञात महिला का शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई। नागदा थाना प्रभारी निरीक्षक नलिन बुधोलिया, उपनिरीक्षक हेमंत सिंह जादौन घटनास्थल पर पहुंचे।जहां महिला का शव टाट के बोरे में रखा हुआ पाया और बोरे में से महिला का सिर और दोनों हाथ बाहर निकले हुये थे। विजय सिंह की सूचना पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। महिला को रतनलाल गुर्जर के साथ देखा गया था। रतनलाल की तलाश शुरू कर उसे हिरासत में लिया तो उसने हत्या करना कबूल कर लिया।
पुलिस ने अभियोग पत्र तैयार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय अरविंद प्रताप सिंह चौहान, विशेष न्यायाधीश द्वारा आरोपी रतन लाल पिता कालू गुर्जर को आजीवन कारावास से दण्डित किया। प्रकरण में पैरवी ईश्वर सिंह केलकर, विशेष लोक अभियोजक द्वारा की गई।
