जबलपुर: बेलखेड़ा थाना अंतर्गत गुबराकला में बुधवार को घर में घुसकर परिवार पर हमला करने के बाद आठ लाख रूपए नकद और जेवर की डकैती डालने के मामले में पुलिस ने फरार सरपंच पति, पुत्र समेत अन्य की तलाश तेज कर दी है । संभावित ठिकानों पर छापेमारी चल रही है लेकिन अब आरोपित पुलिस गिरफ्त से दूर है। वहीं हमले में घायल दो लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
विदित हो कि गुबराकला में बुधवार सुबह करीब 9 बजे अनुभव बहुनिया (23) अपनी बाइक से खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव के सरपंच पति इंद्रकुमार का पुत्र ऋषिकांत चौधरी ने अपनी स्कॉर्पियो से अनुभव को तेजी से ओवरटेक करते हुए खतरनाक कट मारा। अनुभव ने जब ऋषिकांत को टोकते हुए कहा कि थोड़ा संभलने का समय दो, तो दबंगई दिखाते हुए ऋषिकांत ने उसे देख लेने की धमकी दी और वहां से निकल गया। धमकी के ठीक दो घंटे बाद, सुबह 11 बजे आरोपी ऋषिकांत अपने पिता इंद्रकुमार चौधरी, आकाश लोधी, अभिराज लोधी और करीब 7-8 नकाबपोश साथियों के साथ अनुभव के घर पहुंचा।
सभी घातक हथियार से लैस थे जिन्होंने परिवार पर हमला कर दिया था जिसमें अनुभव उसके चाचा रामनारायण, पिता रामनरेश, दादी मानू बाई, मां अभिलाषा, को चोटें आई थी। इसके बाद आरोपियों ने महिलाओं के गले से सोने के हार और मंगलसूत्र छीन लिए थे । अलमारी का ताला तोडक़र 7-8 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। हमले में घायल रामनरेश और रामनारायण की हालत नाजुक बनी हुई है । एसडीओपी पाटन लोकेश डाबर का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ डकैती,बलवा, हत्या का प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपित फरार चल रहे है जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है । इसके अलावा वारदात की जांच पड़ताल चल रही है । हर एंगल पर तफ्तीश चल रही है ।
