इंदौर: भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कसरावद थाना क्षेत्र में पदस्थ एक पुलिस अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी फरियादी से केस के निराकरण के बदले पैसे मांग रहा था.कार्यवाहक निरीक्षक सचिन पटेरिया ने बताया कि ग्राम चंदावड़ में रहने वाले किसान श्यामलाल उपाध्याय के खिलाफ थाने में दर्ज एक शिकायत को खत्म करने के एवज में आरोपी द्वारा 20 हजार रुपए की मांग की जा रही थी.
परेशान होकर फरियादी ने लोकायुक्त इंदौर में शिकायत की, जिसकी जांच में आरोप सही पाए गए. इसके बाद शुक्रवार को ट्रैप टीम ने कसरावद बस स्टैंड पर कार्रवाई करते हुए आरोपी कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक रवीन्द्र कुमार गुरू को 7 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया. लोकायुक्त टीम ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
