इमरान के पुत्र कासिम ने संरा मानवाधिकार आयोग में पिता की सेहत को लेकर जतायी चिंता

इस्लामाबाद, 26 मार्च (वार्ता) पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के पुत्र कासिम खान ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में अपने पिता की हिरासत को लेकर चिंता जताई है। श्री कासिम ने जिनेवा में मानवाधिकार परिषद में अ आरोप लगाया है कि जेल में अधिकारी उनके पिता के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपों में 2023 से जेल में बंद उनके पिता के साथ किया जा रहा बर्ताव पाकिस्तान में राजनीतिक दमन के एक व्यापक स्वरूप को दर्शाता है, जो 2022 में उनके पद से हटाए जाने के बाद से ही साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। गौरतलब है कि श्री खान सरकारी तोहफों से जुड़े एक कथित भ्रष्टाचार मामले में 14 साल की सज़ा काट रहे हैं और उन्हें अदियाला जेल में रखा गया है। इस हिरासत को “मनमाना” बताते हुए श्री कासिम ने दावा किया कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून का सीधा उल्लंघन है, जिसमें ‘नागरिक और राजनीतिक अधिकारों पर अंतरराष्ट्रीय अनुबंध’ और ‘यातना विरोधी कन्वेंशन’ जैसे ढांचे शामिल हैं।

]उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता को एकांत कारावास में रखा गया है, उन्हें परिवार के सदस्यों और कानूनी सलाहकारों से मिलने नहीं दिया जा रहा है। उनकी चिकित्सा देखभाल में भी लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा, “मेरे पिता का मामला कोई अलग-थलग घटना नहीं है।” उन्होंने कहा, “यह दमन के एक बहुत बड़े स्वरूप का सबसे साफ़ उदाहरण है।” उन्होंने राजनीतिक विरोधियों की हिरासत, नागरिकों पर चलाए जा रहे फ़ौजी मुक़दमों और देश में पत्रकारों पर पड़ रहे भारी राजनीतिक दबाव की ओर इशारा करते हुए कहा कि फ़रवरी 2024 के आम चुनाव में धांधली हुई थी।
उन्होंने कहा, “मैं और मेरा भाई राजनीतिक लोग नहीं हैं… लेकिन मेरे पिता की जान का सवाल है, इसलिए हमें कुछ करना ही होगा।हम चुपचाप खड़े होकर यह नहीं देख सकते कि उनकी सेहत बिगड़ती जाए और उन्हें हमसे दूर रखा जाए।”

उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी जान-बूझकर उनके वीज़ा की प्रक्रिया में देरी कर रहे हैं, जो एक तरह की “सामूहिक सज़ा” है। श्री खान की सेहत को लेकर चिंताएँ तब और बढ़ गईं, जब ऐसी रिपोर्टें आईं कि ‘सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन’ (आँख की नस में रुकावट) के कारण उनकी एक आँख की रोशनी 85 प्रतिशत तक चली गया है। उनका कई तरह से इलाज किया गया है, जिसमें ‘पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज़’ में ‘एंटी वेजफ इंजेक्शन’ लगाना भी शामिल है। डॉक्टरों ने बाद में उनकी हालत को स्थिर बताया। परिवार के सदस्यों और डॉक्टरों ने माँग की है कि उन्हें किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया जाए और उन्हें स्वतंत्र रूप से चिकित्सा सुविधाएँ मिलें। उधर पाकिस्तान सरकार ने इन आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा है कि सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है और श्री खान को सही इलाज मिल रहा है।

Next Post

गर्मी से राहत या नई चुनौती? तीन दिन में बदल जाएगा मध्य प्रदेश का मौसम, आंधी-बारिश का अलर्ट

Thu Mar 26 , 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर अप्रत्याशित करवट लेने जा रहा है। तेज गर्मी से जूझ रहे प्रदेशवासियों को जहां अगले कुछ दिनों में राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं यह राहत आंधी और बारिश के रूप में नई चुनौतियां भी लेकर आ सकती है। मौसम […]

You May Like

मनोरंजन