
जबलपुर। जिले में कक्षा 5वीं और 8वीं के परीक्षा परिणाम इस बार भी उत्साहजनक रहा हैं। जानकारी के अनुसार कक्षा 5वीं का रिजल्ट 87.79 प्रतिशत और कक्षा 8वीं का रिजल्ट 87.09 प्रतिशत दर्ज किया गया है। दोनों कक्षाओं में 87 प्रतिशत से अधिक छात्र सफल हुए हैं। यह परीक्षा परिणाम बुधवार को राज्य शिक्षा केन्द्र और स्कूल शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश द्वारा घोषित किया गया। सुबह 11:30 बजे से छात्र-छात्राएं आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रिजल्ट देख रहे थे।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं 20 से 28 फरवरी के बीच बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की गई थीं। नई व्यवस्था के तहत हुई इन परीक्षाओं में भी जबलपुर के विद्यार्थियों ने अच्छा प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों की मेहनत और अनुशासन की सराहना
परिणाम आने के बाद विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल है। कई स्कूलों में बच्चों को बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की मेहनत और अनुशासन की सराहना की। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका सकारात्मक असर अब परिणामों में दिखने लगा है।
