खंडवा:शहर के मुख्य बॉम्बे बाजार स्थित मुख्य डाकघर परिसर में सोमवार सुबह उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब शौचालय के भीतर एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव फंदे पर लटका हुआ पाया गया। तीन दिनों के शासकीय अवकाश के बाद जब सोमवार को कर्मचारी दफ्तर पहुंचे, तो टॉयलेट से आ रही तेज दुर्गंध ने इस खौफनाक मंजर का खुलासा किया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पैंट को बनाया फंदा, अंदर से बंद था दरवाजा : पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 40-42 वर्ष के बीच है। युवक ने आत्महत्या के लिए अपनी ही पैंट का इस्तेमाल किया, जिसे उसने टॉयलेट के रोशनदान से बांधकर फंदा बनाया था। सोमवार सुबह जब दुर्गंध असहनीय हो गई, तो पुलिस को बुलाया गया। कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण कुमार आर्य ने बताया कि टॉयलेट का दरवाजा अंदर से लॉक था, जिसे पुलिस टीम ने तोडक़र शव को बाहर निकाला। आशंका जताई जा रही है कि आत्महत्या 2 से 3 दिन पहले की गई है, क्योंकि अवकाश के कारण डाकघर बंद था।
जेब से मिला ‘जबलपुर’ कनेक्शन :तलाशी के दौरान पुलिस को मृतक की जेब से एक रेलवे टिकट बरामद हुआ है, जो खंडवा से जबलपुर तक का है। इस महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर पुलिस अब मृतक की शिनाख्त की कोशिश कर रही है।कोतवाली पुलिस और एसआई मनोज दवे की टीम डाकघर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि मृतक अंतिम बार कब और किसके साथ देखा गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मानकर जांच को आगे बढ़ा रही है
