मुंबई, 23 मार्च (वार्ता) रियल एस्टेट केंद्रित फंड प्रबंधन कंपनी फ्रैक्टोप्रॉप को भारतीय प्रतिभूति एवं नियामक बोर्ड (सेबी) से रिदमा रियल एस्टेट फंड के लिए पंजीकरण प्राप्त हो गया है।
फ्रैक्टोप्रॉप ने सोमवार को बताया कि यह फंड कैटेगरी 2 में वैकल्पिक निवेश फंड (एआईएफ) है। कंपनी ने इस फंड के लिए 50 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है जिसमें 75 करोड़ रुपये तक का ग्रीनशू (अतिरिक्त फंड का) विकल्प भी है।
रिदमा रियल एस्टेट फंड मुंबई महानगरीय क्षेत्र में तेज विकास की संभावना वाले छोटे बाजारों में मध्यम आय और प्रीमियम आवासीय तथा वाणिज्यिक रियल एस्टेट परियोजनाओं में ढांचागत ऋण और इक्विटी निवेश पर फोकस करेगी। प्रत्येक परियोजना में सामान्यतः 10–12 करोड़ रुपये के निवेश की योजना है जिससे मजबूत आधारभूत तत्वों और विश्वसनीय डेवलपर साझेदारों वाली परियोजनाओं को समर्थन मिलेगा।
फंड के प्रोयाजक धवल ठक्कर ने कहा, “पिछले कुछ वर्षों में हमने रियल एस्टेट क्षेत्र में पूंजी के ढांचागत स्रोतों की बढ़ती मांग देखी है, विशेष रूप से उच्च-विकास वाले शहरी छोटे बाजारों में परियोजनाओं के लिए।”
फ्रैक्टोप्रॉप आर.डी. ब्रदर्स समूह द्वारा प्रायोजित है, जो महाराष्ट्र, गुजरात और पश्चिम बंगाल में भूमि अधिग्रहण, परियोजना विकास और परिसंपत्ति मौद्रीकरण में दो दशकों से अधिक का अनुभव रखने वाला समूह है।
