नीरज कुमार मिश्रा
भोपाल: बार काउंसिल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष देवेंद्र रावत ने शनिवार को पदभार संभाला. अधिवक्ताओं के हित में काम करने को लेकर उन्होंने इस अपनी पहली प्राथमिकता बताई. वकीलों की सुख-दुख में उनके साथ रहने और उनकी सुरक्षा को लेकर भी देवेंद्र रावत ने अपनी बात स्पष्ट की है. नई जिम्मेदारी को लेकर नवनिर्वाचित बार काउंसिल के अध्यक्ष देवेंद्र रावत ने से बातचीत के मुख्य अंश..
सवाल: नई जिम्मेदारी मिलने पर आपको बधाई. अब आपकी पहली प्राथमिकता क्या रहेगी?
जवाब: धन्यवाद, अपनी नई टीम के सदस्यों के साथ हमारी पहली प्राथमिकता सामने आ रही समस्याओं के निराकरण की है. इसके लिए सभी एक ठोस रूपरेखा तैयार कर रहे हैं, जिससे कि समस्याओं का समाधान निकाला जा सके. इसके साथ ही सभी सदस्यों के साथ बैठक कर आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की जा रही है.
सवाल: अधिवक्ताओं और उनके परिवारों के हित के लिए क्या भावनात्मक पहल भी की जा रही है?
जवाब: अधिवक्ताओं और उनके परिजनों के सुखदुख में हम सहभागी रहेंगे. वकीलों की मृत्यु पर उनके परिवार के सदस्यों से मिलकर हर संभव सहयोग किया जाएगा. इससे सभी वकीलों के बीच आपसी जुड़ाव और भाईचारा मजबूत होगा, जिससे कि किसी भी वकील के परिवार को कभी अकेलापन महसूस न हो,
सवाल: अधिवक्ताओं के साथ कई बार अभद्रता के मामले में सामने आते हैं. इस पर क्या निर्णय रहेगा?
जवाब: अधिवक्ताओं के साथ किया जाना वाला अपमान बर्दाशत नहीं किया जाएगा. नई कार्यकारिणी इसके लिए छोटी-छोटी कमेटियां बना रही है. इसमें सदस्यों और पदाधिकारियों को जोड़कर अध्यक्ष और सचिव स्तर से सीधी निगरानी की जाएगी.
सवाल: वकीलों पर दर्ज होने वाले मामलों को पर क्या योजना है?
जवाब: वकीलों से वाहनों की चेकिंग के नाम पर होने वाली पर जल्द ही पुलिस प्रशासन से चर्चा करेंगे. मुख्यमंत्री मोहन यादव से भी मिलकर एडवोकेट प्रोटेक्शन और सुरक्षा की मांग रखेंगे. वकील न्याय प्रणाली का अभिन्न हिस्सा हैं और वे कभी न्याय कार्य में बाधा नहीं बनते. दर्ज होने वाली एफआईआर से पहले बार काउंसिल को सूचित करना अनिवार्य हो.
सवाल: कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं के बैठने का स्थान बहुत सीमित है, इस कमी को कैसे दूर करेंगे?
जवाब: कोर्ट परिसर में करीब दस हजार अधिवक्तागण हैं. उनके बैठने के स्थान को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई है. मल्टीलेवल पार्किंग के साथ एक नई बिल्डिंग का प्रस्ताव उच्च न्यायालय में लंबित है, जिस पर हम तेजी से काम कराएंगे. साथ ही वर्तमान बिल्डिंग के सेकंड फ्लोर का काम बिना बार फंड के, बाहर से फंड जुटाकर कराया जा रहा है. निर्माण कार्य पूरा होते ही नए चैंबर आवंटित किए जाएंगे
