ब्यावरा: फसल का उचित मूल्य देने शासन द्वारा सरसों के लिए भावांतर भुगतान योजना आज 23 मार्च से प्रारंभ हो रही है. स्थानीय कृषि मंडी में आज साप्ताहिक अवकाश होने से कल मंगलवार से भावांतर में खरीदी प्रारंभ होगी.गौरतलब है कि शासन द्वारा भावांतर योजना के तहत सरसों खरीदी हेतु प्रति क्विंटल 6200 रुपये मूल्य निर्धारित किया गया है. हालांकि भावांतर योजना के पूर्व ही स्थानीय कृषि उपज मंडी में सरसों के अच्छे दाम मिल रहे है.
मंडी प्रांगण में ही होगी भावांतर योजना पर खरीदी कृषि मंडी में सरसों को विक्रय करने पर ही भावांतर योजना का लाभ मिल सकेगा. मंडी प्रबंधन के अनुसार मंडी में आने वाले किसान प्रवेश द्वार पर हेल्प डेस्क में भावांतर योजना की जानकारी ले सकेंगे. योजना में सरसों बेचने आने वाले किसानो को अपने वाहन पर वाहन क्रमांक प्लेट लगाना अनिर्वाय होगा. बिना नंबर प्लेट के वाहनों को योजना का लाभ प्राप्त नहीं होगा. यह योजना मंडी के मुख्य मंडी प्रांगण में ही संचालित होगी उप मंडी प्रांगण में योजना लागू नहीं होगी.
योजना में किसी भी प्रकार का मैनुअल कार्य पोर्टल पर प्रविष्टि नहीं होगा/प्रतिबंधित होगा. योजना पूर्णत: ऑन लाइन और रियल टाइम होगी. योजना का लाभ केवल नई सरसों पर ही प्राप्त होगा. पुराने सरसों पर योजना का लाभ प्राप्त नहीं होगा. योजना अंतर्गत नगद भुगतान प्राप्त करने पर योजना का लाभ प्राप्त नहीं होगा. भुगतान केवल ऑन लाइन बैंक ट्रांसफर के माध्यम से ही मान्य होगा. नगद भुगतान दर्ज होने के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन मान्य नहीं होगा
प्रवेश द्वार पर किसान अपनी ट्रॉली रोककर सरसो के सैंपल के साथ प्रवेश पर्ची प्राप्त करेंगे. प्रत्येक कृषक मंडी के प्रवेश के समय आधार कार्ड की छाया प्रति और किसान पंजीयन अनिवार्य रूप से लावे. सरसों पर भावांतर भुगतान योजना का लाभ जिले के कृषकों को ही प्राप्त होगा अन्य जिले के कृषकों को नहीं. इस योजना में 1 मार्च से 22 मार्च 2026 के बीच मंडी में बेची गई सरसों की मात्रा को कम किया जाकर ही पात्रता तय की जायेगी. साफ सुथरी क्वालिटी की सरसों पर ही योजना का लाभ प्राप्त होगा.
मार्च माह में यह रहे सरसों के भाव
6 मार्च को सरसों के न्यूनतम भाव 4300 तथा उच्चतम मूल्य 6000 रुपये रहे. 7 मार्च को 5155 से 5960 रुपये के बीच, 10 मार्च को 5400 से 6020 रुपये के बीच, 11 मार्च को 5150 से 5955 रुपये, 13 मार्च को 5500 से 6835 रुपये तथा 20 मार्च को सरसों का न्यूनतम भाव 5980 तथा उच्चतम मूल्य 6440 रुपये रहा.
