रायगढ़:छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर क्षेत्र में देर रात बिलासपुर जलाशय का गेट अचानक तेज धमाके के साथ टूटने से हजारों क्यूसेक पानी निकलने से पुरानी राष्ट्रीय राजमार्ग-49 खरसिया-रायगढ़ मार्ग पर पानी का सैलाब आ गया। देखते ही देखते सड़क नदी में तब्दील हो गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।तेज बहाव के कारण आसपास के क्षेत्रों में सैकड़ों एकड़ में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
वहीं तटवर्ती गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा खेतों की सिंचाई के लिए जलाशय का गेट खोला गया था, जिसके बाद यह हादसा हुआ। साथ ही यह भी सामने आया है कि जलाशय का गेट लंबे समय से जंग लगा हुआ था और उसका समुचित मेंटेनेंस नहीं किया गया था, जिससे सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना के बाद प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए हैं और बोरों व अन्य सामग्री की मदद से पानी के तेज बहाव को रोकने का प्रयास लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि एक से दो घंटे के भीतर गेट की मरम्मत कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया जाएगा।स्थानीय निवासियों ने अचानक आए पानी के तेज बहाव और रात में मची अफरा-तफरी का जिक्र करते हुए प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।
वहीं, सिंचाई विभाग के सब डिविजनल अधिकारी दिलेश्वर पात्रे ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही गेट को दुरुस्त कर लिया जाएगा।अनुविभागीय अधिकारी एस. थलपती ने भी राहत और नियंत्रण कार्य जारी होने की पुष्टि की है।
