सतना: शहर के सुमित बाजार स्थित वीर सिनेमा में बुधवार को फिल्म धुरंधर-2 के प्रीमियम शो के अचानक कैंसिल होने से भारी हंगामा खड़ा हो गया। शो देखने के लिए करीब दो सौ से अधिक दर्शक पहले से ही टिकट बुक कर चुके थे। इनमें कई लोग काउंटर से टिकट लेकर पहुंचे थे, जबकि बड़ी संख्या में दर्शकों ने ऑनलाइन माध्यम से भी बुकिंग कराई थी। दर्शकों को जैसे ही सिनेमा प्रबंधन द्वारा शो निरस्त किए जाने की जानकारी मिली, उनमें आक्रोश फैल गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने टिकट काउंटर के सामने विरोध शुरू कर दिया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण हो गई, जिससे सिनेमा परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हंगामे की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दर्शकों को शांत कराया और सिनेमा प्रबंधन से बात कर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।
बताया गया तकनीकी कारण
सिनेमा प्रबंधन की ओर से बताया गया कि तकनीकी कारणों से शो को रद्द करना पड़ा। ऑनलाइन बुक किए गए सभी टिकटों का रिफंड तत्काल प्रोसेस कर दिया गया, जबकि काउंटर से खरीदे गए टिकटों को अगले 24 घंटे के लिए वैध कर दिया गया है, ताकि दर्शक किसी अन्य शो में उनका उपयोग कर सकें। घटना के बाद कुछ समय तक सिनेमा परिसर में तनाव बना रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति सामान्य हो गई।
