जबलपुर: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. विवेक मिश्रा ने नोटिस का जवाब देने के बजाय इस्तीफा दे दिया है। जिसके बाद से विश्वविद्यालय में इस मामले को लेकर हलचल बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार प्रो. मिश्रा को युवा उत्सव आयोजन से जुड़े मामले में शोकॉज नोटिस दिया गया था। लेकिन उस नोटिस का जवाब देने के बजाय उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय प्रशासन अब उनके द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर उनसे स्पष्टीकरण मांगने की तैयारी कर रहा है।
इस्तीफे में विवि प्रशासन को लगाए आरोप
जानकारी के अनुसार प्रो. मिश्रा ने दिए अपने त्यागपत्र में विश्वविद्यालय प्रशासन के नकारात्मक व्यवहार और असहयोग को इस्तीफे का मुख्य कारण बताया है। उन्होंने इस्तीफा में लिखा है कि आत्म सम्मान की रक्षा को ध्यान में रखते हुए, वे अधिष्ठाता छात्र कल्याण के कार्यभार से तत्काल प्रभाव से त्यागपत्र दे रहे हैं,ऐसे माहौल में उनके लिए पद पर बने रहना संभव नहीं था।
इस मामले में जारी हुआ था नोटिस
उल्लेखनीय है कि रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में नवंबर माह में आयोजित अंतर जिला (विश्वविद्यालय स्तर) युवा उत्सव-2025 के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रतिभागियों को हुई परेशानियों और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. विवेक मिश्रा को नोटिस जारी किया था। नोटिस में आयोजन के दौरान हुई वित्तीय और व्यवस्थागत कमियों पर स्पष्टीकरण मांगा गया था।
