कुलदीप-वंशिका को आशीर्वाद देने पहुंचे CM योगी, लखनऊ में ग्रैंड रिसेप्शन, परोसा गया शुद्ध शाकाहारी खाना

कुलदीप यादव के लखनऊ में हो रहे रिसेप्शन में शिखर धवन, रविंद्र जडेजा, गौतम गंभीर, यशस्वी जायसवाल और राजीव शुक्ला भी शामिल होने पहुंचे हैं, जिससे समारोह और खास बन गया है।

भारतीय टीम के ‘चाइनामैन’ गेंदबाज कुलदीप यादव ने 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा के साथ शादी रचाई थी। मसूरी में हुए इस समारोह में मोहम्मद कैफ, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, युजवेंद्र चहल और सुरेश रैना जैसे कई क्रिकेटर शामिल हुए थे। अब 17 मार्च को लखनऊ में उनका भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कई खास मेहमान पहुंचे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लिया आशीर्वाद
लखनऊ में आयोजित इस समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने पहुंचे। इस दौरान कुलदीप यादव ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। समारोह में उनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम की शोभा और बढ़ा दी।

शाही अंदाज में हुई एंट्री
कुलदीप यादव अपनी दुल्हन वंशिका चड्ढा के साथ विंटेज रॉल्स रॉयस कार में सवार होकर होटल पहुंचे। यह कार वर्ष 1960 का मॉडल बताई जा रही है, जिसे खास तौर पर दिल्ली से मंगवाया गया था। इस शाही एंट्री ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस खास मौके पर कुलदीप यादव ने काले रंग का बंद गले का सूट पहना, जबकि वंशिका चड्ढा क्रीम रंग की चमकदार साड़ी में नजर आईं। दोनों का लुक बेहद आकर्षक था और मेहमानों के बीच उनकी जोड़ी खास आकर्षण का केंद्र बनी रही।

क्रिकेट जगत की बड़ी हस्तियों की मौजूदगी
इस समारोह में भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर, ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा अपनी पत्नी के साथ पहुंचे। वहीं यशस्वी जायसवाल और शिखर धवन ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। इन सितारों की उपस्थिति ने समारोह को और भी खास बना दिया।

खाने में रहे खास शाकाहारी व्यंजन
लखनऊ के इस कार्यक्रम में मेहमानों के लिए शानदार शाकाहारी भोजन की व्यवस्था की गई थी। मेन्यू में पनीर टिक्का, दाल बाटी चूरमा के साथ-साथ कई प्रकार के चावल और रोटियां शामिल थीं। खास बात यह रही कि पूरे आयोजन में केवल शुद्ध शाकाहारी व्यंजन ही परोसे गए। कुल मिलाकर कुलदीप यादव और वंशिका चड्ढा का यह स्वागत समारोह शाही अंदाज, शानदार व्यवस्थाओं और बड़ी हस्तियों की मौजूदगी के कारण बेहद यादगार बन गया।

 

Next Post

नालियों में डाली गई पेयजल पाइप लाइन पर आयोग ने लिया संज्ञान

Wed Mar 18 , 2026
जबलपुर: शहर की नालियों में डाली गई पेयजल पाइप लाइन पर मप्र मानव अधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है। दमोह नाका स्थित शांति नगर में पेयजल की पाइप लाइन नाले-नालियों के भीतर से गुजर रही है, जिससे पानी के दूषित होने का गंभीर खतरा बना हुआ है। पाइप लाइन में […]

You May Like