जल गंगा संवर्धन अभियान को सफल बनाने शहरों और ग्रामों के निकाय सक्रिय भूमिका निभाएं : सीएम डॉ. यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में आगामी 19 मार्च से प्रदेश स्तरीय जल गंगा संवर्धन अभियान प्रारंभ हो रहा है। प्रदेश के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान का यह तीसरा वर्ष है। कुओं, बावड़ियों, नदियों के पुनरुद्धार के अभियान से सभी वर्गों को जोड़ने के लिए नगरीय निकाय और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय निकाय सक्रिय भूमिका का निर्वहन करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज मंत्रालय में राज्य मंत्री परिषद की बैठक प्रारंभ होने के पहले महत्वपूर्ण विषयों पर मंत्रीगण को जानकारी दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संबोधन में कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान से जन-जन को जोड़कर जन आंदोलन का रूप दिया जाए। समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ सामाजिक संस्थाओं को अभियान से जोड़ा जाए।युवाओं को विशेष भागीदारी का अवसर दिया जाए। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के शहरी क्षेत्र में 3000 से अधिक जल स्रोतों का पुनर्जीवन किया जा चुका है। गत वर्ष ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के लिए 86 हजार से अधिक खेत तालाब और 550 से अधिक अमृत सरोवर बनाए गए। भू-जल संवर्धन के लिए एक लाख से अधिक कुओं का पुनर्भरण कार्य भी प्रारंभ किया गया। नदियों की निर्मलता के लिए प्रदेश की 57 प्रमुख नदियों और 194 प्रदूषण जल स्रोतों की पहचान कर उनके शोधन की पहल की गई। लगभग 145 नदियों के उद्गम क्षेत्र में हरित विकास के लिए गंगोत्री हरित योजना भी प्रारंभ की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आशा व्यक्त कि जन भागीदारी से इस अभियान को सफल बनाया जाएगा।

*जल महोत्सव की गतिविधियों को सफल बनाएं*

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल महोत्सव की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। आगामी 22 मार्च तक जल महोत्सव के तहत विभिन्न कार्य हो रहे हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की भी जल संरक्षण कार्यो में महत्वपूर्ण भूमिका है।

*हर घर जल के लिए मध्यप्रदेश हित में नई दिल्ली में हुआ महत्वपूर्ण करारनामा*

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जानकारी दी कि केंद्रीय जल शक्ति और पेयजल मंत्रालय के साथ नई दिल्ली में आज एक महत्वपूर्ण कारनामा हुआ है, जिसके अंतर्गत पेयजल योजना के लिए पाइपलाइन बिछाने और हर व्यक्ति तक जल पहुंचने के लिए मध्य प्रदेश और राजस्थान दो राज्यों का चयन हुआ है। यह मध्यप्रदेश के लिए प्रतिष्ठा की बात है। राज्य की मंत्री श्रीमती संपतिया उईके इस उद्देश्य से आज नई दिल्ली में उपस्थित थीं। स्वच्छ जलप्रदाय के लिए वर्ष 2028 तक जल जीवन मिशन की अवधि बढ़ाने और जल जीवन मिशन 2.0 पुनर्गठित कर लागू करने की स्वीकृति दी गई है,जिसका लाभ मध्यप्रदेश को मिलेगा और ग्रामीण पेयजल आपूर्ति की व्यवस्थाओं को सशक्त टिकाऊ बनाने में सहयोग मिलेगा।

*किसान कल्याण वर्ष में विभागों की गतिविधियां*

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान कल्याण वर्ष: 2026 में 17 विभाग के सहयोग से वर्ष भर होने वाली विभिन्न गतिविधियों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में किसानों के हित में अभिनव पहल की जा रही है। कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए राज्य सरकार बहु आयामी प्रयास कर रही है।

*प्रधानमंत्री की पहल पर बदनावर पेटलावद थांदला टिमरवानी क्षेत्र की स्वीकृति के लिए आभार*

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय कैबिनेट द्वारा हाल ही में 3839 करोड़ रुपए की लागत से एनएच 752 डी पर बदनावर पेटलावद थांदला टिमरवानी सेक्शन में फोरलेन निर्माण की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि सिंहस्थ की दृष्टि से यह स्वीकृति अत्यंत महत्वपूर्ण है। बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ प्रदेश के अनेक जिलों को मिलेगा। इंदौर पीथमपुर उज्जैन देवास के औद्योगिक इलाकों तक पहुंच को सुगम बनाया जा सकेगा। धार और झाबुआ जनजातीय बहुल जिलों के आर्थिक विकास में सहयोग मिलेगा।

*भावांतर योजना में सरसों को जोड़े जाने से किसानों को मिलेगी मदद*

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के किसानों के लिए भावांतर योजना में सरसों को शामिल करने को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि 7 लाख से अधिक सोयाबीन उत्पादक किसानों को सरकार 1500 करोड रुपए की राशि भावांतर योजना में दे चुकी है। अब सरसों उत्पादक किसानों को भी योजना का लाभ मिलेगा।उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश देश का पहला प्रदेश है जिसने किसानों के हित में सबसे पहले सफलतापूर्वक भावांतर जैसी महत्वपूर्ण योजना लागू की है।

*सर्वाइकल कैंसर को रोकेगी वैक्सीन, मध्यप्रदेश में चल रहा अभियान*

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से 14 वर्ष और उससे अधिक उम्र की बेटियों को बचाने के लिए टीका लगाने का अभियान प्रदेश में चल रहा है। सर्वाइकल कैंसर से बेटियों को बचाने के लिए निःशुल्क वैक्सीन लगाई जा रही है। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और इससे हमारी बेटियां आजीवन सुरक्षित जीवन जिएंगी। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने समस्त मंत्री गण को कहा कि वे अपने प्रभार के जिलों में इस महत्वपूर्ण अभियान की सतत समीक्षा करें।

*विक्रम संवत् वर्षारंभ की बधाइयां*

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगामी 19 मार्च को गुड़ी पड़वा और विक्रम संवत वर्ष आरंभ होने की सभी मंत्रीगण को बधाई दी और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय नव वर्ष के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम भी हो रहे हैं निश्चित ही इनसे जन-जन जुड़ता है।

Next Post

नवनियुक्त स्मार्ट सिटी के सीईओ ने संभाला कार्यभार

Tue Mar 17 , 2026
जबलपुर। नगर निगम के अपर आयुक्त और 2021 बैच के आईएएस अधिकारी अरविंद शाह ने मंगलवार को आधिकारिक रूप से स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का पदभार ग्रहण किया।पदभार ग्रहण करने के बाद चर्चा करते हुए अरविंद शाह ने शासन द्वारा दी गई इस नई जिम्मेदारी के प्रति अपनी […]

You May Like