
सिंगरौली। जिले के ग्राम गदसा में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है, जिससे ग्रामीणों का आम निस्तार मार्ग बाधित हो गया है। इस संबंध में ग्रामवासियों ने जिला कलेक्टर से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थी श्याम नरेश सिंह एवं अन्य ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम गदसा स्थित शासकीय भूमि खसरा क्रमांक 104, रकबा 0.0500 हेक्टेयर के एक हिस्से पर शिवसागर सिंह पिता जागेश्वर सिंह एवं नीरज सिंह द्वारा पक्का और कच्चा मकान बनाकर अतिक्रमण किया जा रहा है। इससे गांव के लोगों के आवागमन में भारी परेशानी उत्पन्न हो रही है और आम रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार इस मामले में पहले भी तहसीलदार, वृत्त परसौना के समक्ष मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 248 के तहत आवेदन प्रस्तुत किया गया था। जिस पर 9 जनवरी 2026 को अतिक्रमण हटाने एवं अर्थदंड का आदेश भी पारित किया गया था। इसके बावजूद संबंधित पक्ष द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया है।
पीड़ितों का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपित गाली-गलौज एवं मारपीट पर उतारू हो जाते हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने बताया कि तहसीलदार को भी इस स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि उक्त शासकीय भूमि से शीघ्र अतिक्रमण हटाकर आम रास्ता बहाल कराया जाए, ताकि गांव के लोगों को राहत मिल सके।
