सिंगरौली: नवानगर थाना पुलिस ने त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही करते हुए डेढ़ वर्ष की गुमशुदा बालिका को महज 2 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत और संतोष का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार रात्रि लगभग 12:10 बजे डायल 112 के माध्यम से एक बालिका के गुम होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई।
बताया गया कि बालिका की मां दोपहर में जंगल लकड़ी लेने गई थीं और बालिका को परिजनों के पास छोड़ गई थीं। लौटने पर बालिका घर पर नहीं मिली, जिसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बालिका के परिजनों से गहन पूछताछ की। जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि बालिका की मामी उसे बिना बताए अपने मायके ले गई थी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रात्रि लगभग 2 बजे बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी अनिल पटेल, सउनि अजीत सिंह, प्रधान आरक्षक जितेंद्र सिंह सेंगर, आरक्षक अमृत सिंह राजपूत एवं आरक्षक दिलीप धाकड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
