
जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के सुनरहाई सराफा बाजार स्थित चौधरी मार्केट में बने हनुमान मंदिर से चोरी का मामला सामने आया है, जिसमें एक चोर ने चोरी से पहले और बाद में हनुमान जी को कुल 10 बार प्रणाम किया। यह घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। देर रात एक चोर मंदिर में घुसा और सबसे पहले बजरंगबली को पांच बार श्रद्धापूर्वक प्रणाम किया। इसके बाद उसने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की और हाथ डालकर दानपेटी में रखे पैसे चुरा लिए। चोरी के बाद भी उसने दोबारा पांच बार भगवान को प्रणाम किया और जेब में पैसे रखकर वहां से फरार हो गया। इस घटना का एक मिनट पांच सेकंड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें चोर की आस्था और उसका अपराध दोनों साफ तौर पर देखे जा सकते हैं।
