नेताओं के दूरी बनाने से हताश पारस

मालवा- निमाड़ की डायरी

संजय व्यास

उज्जैन उत्तर सीट से लगभग तीन दशक तक अपना दबदबा कायम रखे पहलवान विधायक पारस जैन की हाल के दिनों में मायूसी झलक रही है. 1990 से 2018 तक (1998 में हार) वे इस एक ही सीट से भाजपा के 6 बार विधायक चुने गए थे. 2023 में विधायक निधि के दुरुपयोग के आरोप के चलते भाजपा ने उनका टिकट काट दिया था. 2024 में इस मामले में उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज हो गया. ऐसे में उन्हें महसूस हो गया कि पार्टी नेता उनसे दूरी बनाने लगे हैं. पहलवान के नाम से मशहूर रहे पारस जैन को इस मुसीबत की घड़ी में अपनी ही पार्टी नेताओं से तवज्जो नहीं मिली. उल्लेखनीय है कि लोकायुक्त पुलिस ने देवास के रहने वाले दिनेश चौहान की शिकायत पर पारस जैन सहित आठ अधिकारियों के खिलाफ लोकायुक्त में धोखाधड़ी, पद के दुरुपयोग सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.

पूर्व मंत्री पारस जैन पर आरोप है कि उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों की जमीन को सुरक्षित करने के लिए डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से खेत पर दीवार बनवा दी. यह दीवार विधायक निधि से बनवाई गई. अपनेे उपर कायम प्रकरण से हताश पहलवान ने आखिर कुछ दिन पूर्व आगे कोई चुनाव न लडऩे के ऐलान के साथ पार्टी नेतृत्व को नसीहत देते हुए कहा कि वरिष्ठ और जमीनी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना चाहिए, ताकि संगठन मजबूत रहे. उनकी पार्टी को वरिष्ठों को साथ लेकर चलने की नसीहत को उन्हें पार्टी नेताओं द्वारा दरकिनार करने से जोडक़र देखा जा रहा है.

नहीं खत्म हुआ गुटबाजी का दंश

नीमच जिलाध्यक्ष पद से हटने के बाद लगभग 10 माह तक लो-प्रोफ़ाइल रहने वाले पवन पाटीदार की ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में ताजपोशी ने नीमच के राजनीतिक समीकरण बदल दिए. यहां पार्टी के कई गुटों में से एक गुट उनकी पहचान रही. उन्हें कभी कटप्पा गैंग कहकर हाशिए पर धकेलने वाले नेता भी अब मुस्कान के साथ स्वागत करते नजऱ आ रहे हैं. दीपावली मिलन समारोह एवं आत्मनिर्भर भारत सम्मेलन इसका पहला मंच बना.

कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल और विधायक दिलीप सिंह परिहार की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम में पवन पाटीदार समर्थकों के साथ पहुंचे और उन्होंने संबोधन भी दिया. समझा जा रहा था कि पार्टी में बढ़े उनके कद की वजह से गुटबाजी का दंश खत्म हो जाएगा , लेकिन ऐसा नहीं हुआ. कार्यक्रम के बाद जारी आधिकारिक प्रेस नोट ने गुटबाज़ी की टीस को फिर से चर्चा में ला दिया. प्रेस नोट में सांसद, जिलाध्यक्ष, विधायक और कार्यक्रम प्रभारी के वक्तव्यों को शामिल किया गया, लेकिन पवन पाटीदार का भाषण और उनकी उपस्थिति को उस महत्व से नहीं दर्शाया गया, जिसकी अपेक्षा की जा रही थी.

तैयारी तगड़ी पर बहस नहीं कर पाए

खण्डवा में सुस्त पड़ी कांग्रेस इकाई में नई जान फूंकने में जुटीं शहर अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी के नेतृत्व में विगत दिनों सभी पार्षदों को एकत्रित कर नई रणनीति बनाई गई थी. प्रतिभा ने टिप्स दी कि सब एकजुट होकर जनता की समस्याओं को उठाएं एवं उनके समाधान को लेकर आंदोलन करें. लंबी प्रतीक्षा और संघर्ष के बाद आयोजित नगर निगम के विशेष सम्मेलन के दौरान उन्हें मौका मिला. भाजपाई महापौर और परिषद को घेरने आरोपों का पुलिंदा लेकर बैठक में पहुंचे.

खंडवा नगर निगम में विपक्ष के नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर हमेशा की तरह लोगों के ध्यानाकर्षण के लिए इस बार जेसीबी पर बैठकर पार्षदों के साथ पहुंचे, मकसद बताया कि सत्ता पक्ष के लोग जेसीबी के फावड़े से भ्रष्टाचार कर रहे. शहर में विकास भेदभाव पूर्ण हो रहा है. कांग्रेसी पार्षद जिस तैयारी से महापौर परिषद को घेरने पहुंचे थे, शहर के भेदभाव वाले विकास पर जुबानी तलवारें तो खिंची मगर अपनी बात रखने सार्थक बहस नहीं कर पाए. विपक्ष के आरोप पर महापौर अमृता यादव ने तथ्यों के साथ कार्य गिनाए और कहा कि आप कभी बैलगाड़ी पर आते हैं, कभी जेसीबी पर. वे नौटंकी करते हैं, विकास कार्यों में सहयोग नहीं.

Next Post

मिशेल का शतक, न्यूजीलैंड दिया वेस्टइंडीज को 270 रनों का लक्ष्य

Sun Nov 16 , 2025
क्राइस्टचर्च 16 नवंबर (वार्ता) डैरिल मिशेल (119) और डेवन कॉन्वे (49) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने पहले एकदिवसीय मैच में वेस्टइंडीज को जीत के लिए 270 रनों का लक्ष्य दिया। आज यहां वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की […]

You May Like

मनोरंजन