ग्वालियर: विजयपुर विधानसभा सीट के विधायक की अयोग्यता मामले की गूंज अब सुप्रीम कोर्ट में सुनाई देगी। सुप्रीम कोर्ट 19 मार्च को विधायक मुकेश मल्होत्रा की याचिका पर सुनवाई करेगा। मुकेश मल्होत्रा ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में चीफ जस्टिस इस मामले की सुनवाई करेंगे।ग्वालियर हाईकोर्ट ने क्रिमिनल केस छिपाने के चलते मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित करते हुए भाजपा नेता रामनिवास रावत को विजेता माना था। 9 मार्च को हाईकोर्ट ने विजयपुर विधायक मामले में सुनवाई करते हुए मुकेश मल्होत्रा का निर्वाचन शून्य करने के बाद 15 दिन का समय सुप्रीम कोर्ट जाने के लिए दिया था।
24 मार्च को यह 15 दिनों की समयसीमा पूरी हो रही है। ऐसे में 19 मार्च को होने वाली सुनवाई अहम होगी।9 मार्च को ग्वालियर बेंच के जस्टिस जी.एस. अहलूवालिया ने फैसला सुनाते हुए मुकेश मल्होत्रा का निर्वाचन रद्द कर दिया था। कोर्ट ने पाया कि मल्होत्रा ने 2024 के उपचुनाव नामांकन में केवल 4 क्रिमिनल केस की जानकारी दी थी। असल में उनके खिलाफ 6 मामले दर्ज थे। 2 केस की जानकारी छिपाना चुनावी नियमों का उल्लंघन माना गया। याचिकाकर्ता रामनिवास रावत को कोर्ट ने विजयपुर का नया विधायक घोषित करने का आदेश दिया था।
