बंगलादेश ने पाकिस्तान को 11 रनों से हराया और सीरीज भी जीती

मीरपुर, 15 मार्च (वार्ता) आगा सलमान का शतक गया बेकार, बंगलादेश ने तंजिद हसन (107) और मो. तौहीद हृदोय (नाबाद 48) की शानदार पारियों के बाद तस्कीन अहमद की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में रविवार को पाकिस्तान को 11 रनों से शिकस्त दी। इसी के साथ बंगलादेश ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।

291 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही और उसने 17 रन के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये। साहिबजादा फरहान (छह), एम सदाकत (छह) और मोहम्मद रिजवान (चार) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद गाजी गौरी और अब्दुल समद ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट लिये 50 रन जोड़े। 14वें ओवर में नाहिद राणा ने गाजी गौरी (29) को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। अब्दुल समद (34), साद मसूद (38) और फहीम अशरफ (नौ) रन बनाकर आउट हुये। इसी दौरान आगा सलमान एक छोर थामे रन बनाते रहे। आगा सलमान ने कप्तान शाहीन शाह अफरीदी के साथ आठवें विकेट के लिय 52 रन जोड़े। 48वें ओवर में तस्कीन अहमद ने आगा सलमान को आउट कर पाकिस्तान को आठवां झटका दिया। आगा सलमान ने 98 गेंदों में नो चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 106 रनों की शतकीय पारी खेली। 49वें ओवर में मुस्तफिजुर रहमान ने हारिस रउफ (एक) को आउटकर बंगलादेश को नाैवीं सफलता दिलाई। मैच की आखिरी गेंद पर शाहीन शाह अफरीदी (37) रन बनाकर आउट हुये। इसी के साथ बंगलादेश ने 11 रनों से मुकाबला जीत लिया।

बंगलादेश के लिए तस्कीन अहमद ने चार विकेट लिये। मुस्तफिजुर रहमान को तीन विकेट मिले। नाहिद राणा ने दो बल्लेबाजों को आउट किया। रिशाद हुसैन को एक विकेट मिला।

इससे पहले आज यहां पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश के लिए सैफ हसन और तंजिद हसन की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 105 रन जोड़े। 19वें ओवर में शाहीन शाह अफरीदी ने सैफ हसन (36) को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद नजमुल शान्तो ने तंजिद हसन के साथ दूसरे विकेट लिए 53 रन जोड़े। 30वें ओवर में हारिस राउफ ने नजमुल शान्तो (27) को आउट कर पवेलियन भेज दिया।

37वें ओवर में बंगलादेश का तीसरा विकेट तंजिद हसन के रूप में गिरा। हालांकि तब तक वह अपना शतक पूरा कर चुके थे। उन्हें अबरार अहमद ने आउट किया। तंजिद हसन ने 107 गेंदों में छह चौके और सात छक्के उड़ाते हुए 107 रनों की पारी खेली। लिटन कुमार दास (41) और रिशाद हुसैन (शून्य) पर आउट हुये। बंगलादेश ने निर्धारित 50 ओवरों में पांच विकेट पर 290 रनों का स्कोर बनाया। मो. तौहीद हृदोय ने 44 गेंदों में चार चौके लगाते हुए नाबाद 48 रनों की पारी खेली। अफिफ हुसैन ध्रुबो पांच रन बनाकर नाबाद रहे।

पाकिस्तान के लिए हारिस राउफ ने तीन विकेट लिये। शाहीन शाह अफरीदी और अबरार अहमद ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

You May Like