रामल्लाह, 15 मार्च (वार्ता/शिन्हुआ) पश्चिमी तट के तम्मून शहर में इज़रायली विशेष बलों की गोलीबारी में दो बच्चों सहित चार फिलिस्तीनियों की मौत हो गयी है। फ़िलिस्तीन रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने यह जानकारी दी है। रेड क्रिसेंट के अनुसार, इज़रायली बलों ने एक गाड़ी पर गोलीबारी की, जिसमें ये लोग मारे गये। रेड क्रिसेंट ने एक प्रेस बयान में कहा कि उसके कर्मचारियों ने गोलीबारी का शिकार हुई गाड़ी से चारों पीड़ितों के शव बरामद कर लिये हैं।
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि पीड़ित एक ही परिवार के थे। सूत्रों ने कहा कि इज़रायली विशेष बल शहर के एक इलाके में दो युवकों का पीछा कर रहे थे, जिसके बाद उन्होंने वहां से गुज़र रही गाड़ी पर गोलीबारी कर दी। इस घटना के संबंध में इज़रायली सेना की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गयी है। तम्मून शहर और पास के तुबास शहर के अन्य इलाकों में इज़रायली सेना ने लगभग रोज़ाना ही छापे मारी की है। इज़रायल अक्सर पश्चिमी तट में इस तरह के छापों को “आतंकवाद-रोधी अभियान” बताता है, जिनका मकसद फ़िलिस्तीनी सशस्त्र समूहों से जुड़े लोगों को निशाना बनाना होता है।

