
सीधी।जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के वितरण को लेकर कांग्रेस ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस का कहना है कि गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी और अनियमित वितरण के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार सरकार भले ही गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रही हो, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। उपभोक्ताओं द्वारा ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद भी कई-कई दिनों तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो पा रही है। कई लोगों को एक सप्ताह तक इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं गैस एजेंसियों के बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा।
कांग्रेस का आरोप है कि कई उपभोक्ताओं के मोबाइल पर सिलेंडर डिलीवरी का मैसेज भी भेज दिया जाता है, जबकि वास्तव में उन्हें सिलेंडर प्राप्त नहीं होता। इससे पूरी व्यवस्था की पारदर्शिता और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ गैस एजेंसियों में कार्यरत कर्मचारी उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं, जिससे आम जनता की परेशानी और बढ़ रही है।
कांग्रेस ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिए जाएं कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद निर्धारित समय-सीमा के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही गैस एजेंसियों के वितरण तंत्र की निगरानी के लिए प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों या प्रतिनिधियों की नियुक्ति की जाए, ताकि कालाबाजारी और अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी आम उपभोक्ताओं के हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
