
बैतूल। बैतूल बाजार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बुजुर्ग व्यक्ति के गिरे हुए 17 हजार रुपये वापस दिलाकर सराहनीय पहल की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रुपये उठाने वाले व्यक्ति की पहचान कर रकम बरामद कर बुजुर्ग को लौटा दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम चारसी निवासी ओझा उईके (55) ने 11 मार्च की शाम थाना बैतूल बाजार में सूचना दी थी कि वह तीन माह तक महाराष्ट्र में मजदूरी करने के बाद घर लौटा था और मजदूरी के रूपr में मिले 17 हजार रुपये बडोरा चौक आठनेर रोड के पास कहीं जेब से गिर गए।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंजना धुर्वे के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। जांच के दौरान एक व्यक्ति जमीन से रुपये उठाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उसके आने-जाने के पूरे मार्ग की पड़ताल करते हुए लगभग 13 स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने संबंधित व्यक्ति की पहचान कर उसे थाना बैतूल बाजार बुलाया। पूछताछ में उसने जमीन पर पड़े रुपये उठाने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसके पास से 17 हजार रुपये बरामद कर बुजुर्ग और उनके परिजनों की उपस्थिति में पूरी राशि वापस कर दी।
पुलिस की इस कार्रवाई से बुजुर्ग और उनके परिजन भावुक हो गए और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस ईमानदार और संवेदनशील कार्रवाई की सराहना की। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अंजना धुर्वे, प्रधान आरक्षक मुकेश पवार, आरक्षक नितिन चौहान और आरक्षक अनिरुद्ध यादव सहित बैतूल बाजार थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
