सीएम ने 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में ट्रांसफर किए 1836 करोड़ रुपए

ग्वालियर। जिले के घाटीगांव में आज आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में 1836 करोड़ रुपए की किस्त डाली। साथ ही लगभग 122 करोड़ रुपए की लागत के 54 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री राजमाता टर्मिनल एयरपोर्ट से हेलीकाप्टर से घाटीगांव पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें पहुंचीं। लाडली बहना योजना की यह 34वीं किस्त है, जो आज दी गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में मिडिल ईस्ट युद्ध से बने हालात के बीच राहुल गांधी के द्वारा की जा रही कथित राजनीति की कड़े शब्दों में निंदा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एलपीजी की कोई किल्लत नहीं है। हमने प्रशासन को सतर्क रहने को कहा है। किसी प्रकार की कोई घबराहट की जरूरत नहीं है। कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास का वातावरण बना है। बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि राहुल गांधी लगातार देश को लज्जित करने का प्रयास कर रहे हैं। राहुल गांधी को अपनी गंभीरता का एहसास होना चाहिए। जब दुनिया युद्ध के मुहाने पर खड़ा है, ऐसे में देश का एकजुट होना जरूरी है। पक्ष और विपक्ष को एक साथ होना जरूरी है। लगातार देशवासियों के साथ प्रशासन को लज्जित करने का काम राहुल गांधी कर रहे हैं। वे इसकी निंदा करते हैं। उन्होंने देश और प्रदेशवासियों से अपील की कि कोई क्राइसिस नहीं है। एलपीजी, पेट्रोल-डीजल सब सुलभ है।

*ईरान से केवल भारत के लिए द्वार खोला गया है: सिंधिया*

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चार कैबिनेट मंत्रियों को भेजा गया था। युद्ध के समय में भी भारतीय छात्रों को निकालने के लिए दोनों पक्ष ने मदद की थी। आज भी सभी ने देखा होगा, सुना होगा कि स्टेट आफ हॉर्मोज जो एक सेंसिटिव इलाका है, जहां से पूरा उत्पादन तेल और गैस का निकलता है, विश्व भर के लिए निकलता है, सभी देशों के लिए ब्लॉक है। ईरान द्वारा केवल भारत के लिए खोला गया है ताकि भारत में कोई कमी न हो। यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व के आधार पर संभव हुआ है।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शबरी माता परिसर में आयोजित सम्मेलन के दौरान ग्वालियर जिले में लगभग 122 करोड़ रुपए की लागत के 54 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इनमें लगभग 62 करोड़ रुपए के 19 कार्यों का लोकार्पण और लगभग 60 करोड़ रुपए के 35 कार्यों का भूमिपूजन किया गया। लोकार्पित होने वाले प्रमुख कार्यों में करीब 40 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुलैथ का भवन और 9.11 करोड़ रुपए की लागत से डाडा खिरक–तिघरा मार्ग पर सांक नदी पर बना उच्च स्तरीय पुल शामिल हैं। इसके अलावा उप स्वास्थ्य केंद्र बन्हेरी तथा शहर और ग्रामीण क्षेत्र की नव-निर्मित सड़कों का लोकार्पण भी किया गया।

भूमिपूजन किए जाने वाले प्रमुख कार्यों में आईएसबीटी के समीप 6.17 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला 100 सीटर श्रमिक विश्रामगृह तथा 12.16 करोड़ रुपए की लागत से अंबेडकर धाम के द्वितीय चरण में बाबा साहब के जीवन पर आधारित संग्रहालय का निर्माण शामिल है। इसके अलावा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न सड़कों, आयुर्वेदिक महाविद्यालय में एनाटॉमी विभाग के लिए बनने वाले हॉल व छात्रावास तथा भितरवार में लगभग 4 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी प्रस्तावित है।

*मुख्यमंत्री ने की यह घोषणाएं…*

मुख्यमंत्री ने आरोन-पाटई उद्वहन सिंचाई परियोजना की घोषणा के साथ ही यह भी ऐलान किया कि भितरवार पीएचसी अब सिविल अस्पताल बनेगा जबकि घाटीगांव उप स्वास्थ्य केंद्र का पीएचसी में उन्नयन होगा। भितरवार और घाटीगांव में आईटीआई केंद्र खोले जाएंगे। शबरी माता और भगवान देवनारायण धाम धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होंगे।घाटीगांव, चीनोर और करहिया में सांदीपनि विद्यालय स्थापित होंगे

*डबल इंजन की सरकार से बहनों को मिल रहीं डबल खुशियां*

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की बहनें आत्मनिर्भरता एवं स्वावलम्बन के मामले में पूरे देश के लिए उदाहरण बन रही हैं। प्रदेश के 5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों से जुड़कर करीब 65 लाख बहनें आर्थिक रूप से मजबूत हुई हैं। आज प्रदेश में 12 लाख से अधिक लखपति दीदियां कार्यरत हैं। हम महिला उद्यमियों को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं। हमारी बहनें अब फैक्ट्रियों और उद्योगों का नेतृत्व कर रही हैं। प्रदेश के 47 प्रतिशत नए स्टार्टअप का नेतृत्व अब हमारी बहनों के हाथों में है। हम सभी बहनों के कल्याण और इनके सशक्तिकरण के लिए मिशन मोड में आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है, इसलिए यहां की बहनों को लाड़ली लक्ष्मी योजना और लाड़ली बहना योजना के रूप में डबल खुशियां मिल रही हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का ग़जमाला से सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर खासतौर पर महिला हितग्राहियों को सामुदायिक वन अधिकार पत्र, स्व सहायता समूह के चेक एवं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति व मुद्रा योजना के तहत आर्थिक गतिविधि स्थापित करने के लिये चैक सौंपे।

*सरकार ने जो कहा उसे करके दिखाया – प्रभारी मंत्री सिलावट*

ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि हमारी सरकार ने जो कहा, वह करके दिखाया है। आज लाडली बहनों के खाते में 1500 रुपए भेजे गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने ग्वालियर अंचल के विकास में कोई कसर नहीं रखी है। अब प्रदेश के अन्नदाता को समृद्ध बनाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संकल्प लिया है। प्रदेश में बीते दो साल के अंदर ही लगभग 7.5 लाख हेक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ा है। प्रदेश में वर्ष 2029 तक 100 लाख हैक्टेयर भूमि संचित होगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में केन बेतवा नदी लिंक परियोजना और पार्वती कालीसिंध चंबल योजना का काम तेजी से चल रहा है। भितरवार के विधायक मोहन सिंह राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ यादव के 2 वर्षों के नेतृत्व में प्रदेश का सुनियोजित विकास संभव हो पाया है। भितरवार विधानसभा क्षेत्र में करीब 759 करोड़ रुपए के कार्य हुए हैं।

Next Post

नगर निगम ने कराया गौरीघाट में 267 भिक्षुकों का सर्वे

Fri Mar 13 , 2026
जबलपुर। शहर को भिक्षावृत्ति की कुप्रथा से मुक्त करने और भिक्षुकों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार की पहल पर नगर निगम द्वारा एन यू एल एम स्माइल प्रोजेक्ट के अंतर्गत एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। […]

You May Like